



जयपुर। जयपुर की मानसरोवर स्थित पत्रकार कॉलोनी को अब तक सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रखे जाने पर कॉलोनीवासियों का धैर्य जवाब देने लगा है। पत्रकार कॉलोनी विकास समिति ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पत्रकार कॉलोनी सहित आसपास की शेष बची कॉलोनियों को शीघ्र सीवर लाइन से जोड़ने की मांग की है। समिति का कहना है कि 22 वर्ष पूर्व विकसित की गई यह कॉलोनी आज भी सीवर लाइन से वंचित है, जिससे हजारों परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पत्रकार कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष अजीत तिवारी, संरक्षक श्याम सुंदर शर्मा, महासचिव नरेंद्र सर्वाेदयी, उपाध्यक्ष डॉ. जे.पी. गुप्ता एवं राजीव जैन ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि पूर्व में जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा इस क्षेत्र में सीवरेज लाइन डालने के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी और मार्च 2026 तक कार्य पूर्ण करने का आश्वासन भी दिया गया था। इसके बावजूद अब तक धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ है।
समिति ने पत्र में उल्लेख किया कि पत्रकार कॉलोनी और आसपास की कॉलोनियों के करीब 3000 मकान आज भी सेप्टिक टैंकों पर निर्भर हैं। प्रत्येक परिवार को हर वर्ष सीवरेज टैंक खाली कराने पर औसतन 10 हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं, जिससे आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके साथ ही सीवरेज टैंकों से उठने वाली दुर्गंध के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि शहर के कई क्षेत्रों में सीवरेज की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद पत्रकार कॉलोनी जैसे संगठित और वर्षों पुराने आवासीय क्षेत्र को अब तक इस सुविधा से वंचित रखना समझ से परे है। विकास समिति ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को प्राथमिकता दी जाए और शीघ्र सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू कराया जाए, ताकि लोगों को लंबे समय से चली आ रही इस समस्या से राहत मिल सके।
