Wednesday, 04 February 2026

निकाय और पंचायत चुनाव के लिए राजस्थान को मिलेंगी 30 हजार ईवीएम, मध्य प्रदेश निर्वाचन आयोग से हुआ एमओयू


निकाय और पंचायत चुनाव के लिए राजस्थान को मिलेंगी 30 हजार ईवीएम, मध्य प्रदेश निर्वाचन आयोग से हुआ एमओयू

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान में आगामी स्थानीय निकाय चुनाव और पंचायत चुनावों के लिए मतदान की तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव संपन्न कराने के लिए राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश से 30 हजार ईवीएम मशीनें किराए पर लेने का निर्णय लिया है। इस संबंध में आज मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग और राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग के बीच एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि इस एमओयू के तहत मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से राजस्थान को चुनावों के लिए 30 हजार कंट्रोल यूनिट और 60 हजार बैलेट यूनिट किराए पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इन ईवीएम का उपयोग प्रदेश में नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ईवीएम की आपूर्ति, उपयोग, रख-रखाव, सुरक्षा और वापसी से संबंधित सभी शर्तें भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।

ईवीएम के तकनीकी परीक्षण (FLC), मरम्मत और आवश्यक तकनीकी सहयोग का कार्य भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (ईसीआईएल), हैदराबाद के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा किया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मतदान से पहले सभी मशीनें पूरी तरह जांची-परखी और सुरक्षित हों।

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार, बड़ी संख्या में ईवीएम की उपलब्धता से प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया को समयबद्ध और सुचारु रूप से संपन्न कराने में मदद मिलेगी। आगामी निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही हैं।

Previous
Next

Related Posts