



राजस्थान विधानसभा में शून्यकाल और प्रश्नकाल के दौरान सोमवार को सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
भूमाफिया विधानसभा की दीवार तोड़कर अंदर ही न आ जाएं
शून्यकाल में कांग्रेस विधायक रफीक खान (आदर्श नगर) ने जयपुर में भूमाफियाओं द्वारा सरकारी जमीनों पर कब्जे का मामला उठाते हुए कहा कि शहर में जगह-जगह सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जेडीए फ्लैट्स स्कीम की दीवार तोड़कर भूमाफिया करीब 300 मीटर अंदर तक घुस गए और वहां नई दीवार खड़ी कर दी। रफीक खान ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा—“कई बार डर लगता है कि कहीं ऐसा न हो कि भूमाफिया विधानसभा की दीवार तोड़कर अंदर ही न आ जाएं।”
प्रश्नकाल में भाजपा विधायक गोपाल शर्मा ने अवैध गैस सिलेंडर रिफिलिंग के मुद्दे पर सरकार से सवाल करते हुए पूर्व खाद्य एवं रसद मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूर्व रसद मंत्री के कार्यकाल में सक्रिय रहा माफिया आज भी वसूली कर रहा है। इस पर खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने पलटवार करते हुए कहा कि पूर्व मंत्री ने विभाग में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया, जिसकी चर्चा की जाए।
कवि नीरज के हवाले पर स्पीकर की आपत्ति
बाड़ी (धौलपुर) से भाजपा विधायक जसवंत गुर्जर ने वन्यजीवों के हमलों का मुद्दा उठाते हुए महाकवि गोपालदास नीरज की पंक्तियों का हवाला दिया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने आपत्ति जताते हुए उन्हें कवि का हवाला न देने को कहा। जसवंत गुर्जर ने कहा कि अगर वन्यजीव मानव और पशुधन की हत्या कर रहे हैं तो सरकार मुआवजे को लेकर क्या योजना बना रही है।
वन्यजीव हमलों में मौत पर 10 लाख मुआवजा
वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने सदन को बताया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष में मृत्यु होने पर मिलने वाला मुआवजा 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये किया जाएगा। इसके लिए नियमों में संशोधन की प्रक्रिया चल रही है।
कफ सीरप मौतों पर सियासी टकराव
स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कफ सीरप से हुई मौतों के सवाल पर कहा कि यदि डॉक्टर की सलाह के बिना दवा ली जाती है और उससे मौत होती है तो न सरकार और न ही डॉक्टर जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि कफ सीरप का ओवरडोज बच्चों को दिया गया, जिससे मौतें हुईं, दवा की गुणवत्ता में कोई खामी नहीं पाई गई।
स्वास्थ्य मंत्री के इस बयान पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सवाल उठाते हुए कहा कि संबंधित दवा कंपनी कई जगह ब्लैकलिस्ट हो चुकी है और यह संभव है कि पहले दवा ठीक रही हो लेकिन बाद में उसकी गुणवत्ता खराब हो गई हो। कांग्रेस विधायकों ने फ्री दवा योजना, ओपीडी बढ़ने के बावजूद कम खर्च और कफ सीरप से हुई मौतों को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की
राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस का जवाब 3 फरवरी शाम 5 बजे देंगे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
राजस्थान विधानसभा में मंगलवार शाम 5 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राज्यपाल के अभिभाषण पर चल रही बहस का जवाब देंगे। इससे पहले शाम 4 बजे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सदन में अपना भाषण देंगे।
सूत्रों के अनुसार, नेता प्रतिपक्ष के भाषण के बाद मुख्यमंत्री सरकार का पक्ष रखते हुए राज्यपाल के अभिभाषण पर विस्तृत उत्तर देंगे। इस दौरान सरकार की नीतियों, प्राथमिकताओं और आगामी योजनाओं को लेकर जवाब दिए जाने की संभावना है। सदन की कार्यवाही के मद्देनज़र यह सत्र राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।