


प्रतापगढ़। नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए शहर के बीचों-बीच एक किराना दुकान और अनाज गोदाम की आड़ में संचालित एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की एमडी ड्रग्स और भारी मात्रा में केमिकल व उपकरण जब्त किए गए हैं।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में की गई। थानाधिकारी शंभुसिंह को वाटरवर्क्स रोड स्थित नाकोड़ा किराना के पीछे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अनाज गोदाम में बने एक गुप्त कमरे में दबिश दी। कमरे में प्रवेश करते ही रसायनों की तीखी गंध और आंखों में जलन महसूस हुई, जिससे वहां ड्रग्स निर्माण की पुष्टि हुई।
5 करोड़ की खेप और उपकरण बरामद
तलाशी में पुलिस ने 106 ग्राम शुद्ध एमडी तथा एमडी तैयार करने में प्रयुक्त 114.750 किलोग्राम लिक्विड केमिकल बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक व इंडेक्स हीटर, ब्लोअर मशीन, कांच के प्रयोगशाला फ्लास्क व बड़े जार, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, विशेष मिक्सिंग मशीनें, तथा रबर ग्लव्स व बाल्टियां भी जब्त की गईं।
दुकानदार निकले ड्रग्स माफिया, आरोपी फरार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धर्मचन्द मोगरा जैन और रोहित मोगरा जैन किराना व्यापार की आड़ में इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों आरोपी फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शिवलाल (थानाधिकारी, अरनोद) को सौंपी गई है।
इस बड़े ऑपरेशन को सफल बनाने में प्रतापगढ़ थानाधिकारी शंभुसिंह के साथ सीओ कार्यालय के कांस्टेबल पंकज बिश्नोई और संजय की विशेष भूमिका रही।