



जयपुर में पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने कांग्रेस में घर वापसी के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात की। पार्टी हाईकमान से औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद अब मालवीया जल्द ही कांग्रेस की विधिवत सदस्यता ग्रहण करेंगे। इसके लिए बांसवाड़ा में एक बड़े आयोजन की तैयारी की जा रही है, जिसे पार्टी शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रही है। इस आयोजन के लिए मालवीया ने पीसीसी अध्यक्ष डोटासरा से भी समय मांगा है।
मीडिया से बातचीत में महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने कहा कि बांसवाड़ा में होने वाले इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित अनेक वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि उनके साथ पहले कांग्रेस छोड़ने वाले सभी नेता और कार्यकर्ता भी भाजपा से नाता तोड़कर वापस कांग्रेस में लौटेंगे, जिससे आदिवासी बहुल वागड़ क्षेत्र में पार्टी को नई मजबूती मिलेगी।
स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर मालवीया ने विश्वास जताया कि पिछले 25 वर्षों से बांसवाड़ा में कांग्रेस का ही जिला प्रमुख बनता आ रहा है और इस बार भी कांग्रेस का जिला प्रमुख बनेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कांग्रेस की जड़ें मजबूत हैं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस की अनुशासन समिति की अनुशंसा के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महेंद्रजीत सिंह मालवीया की कांग्रेस में वापसी को औपचारिक रूप से मंजूरी दी थी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी मालवीया की वापसी का स्वागत किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पूर्व मंत्री महेंद्रजीत मालवीया ने कांग्रेस में पुनः शामिल होने के बाद पीसीसी में मुलाकात कर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। डोटासरा ने उम्मीद जताई कि मालवीया पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कांग्रेस पार्टी को मजबूत करेंगे और आदिवासी हितों की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।