



जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे को जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के मेडिकल आईसीयू में भर्ती कराया गया है। राज्यपाल दोपहर करीब 1 बजे नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन जांच के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल आईसीयू-2 में भर्ती कर लिया।
एसएमएस अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार राज्यपाल ब्लड समेत अन्य रूटीन जांच कराने अस्पताल आए थे। इसी दौरान उन्हें घबराहट महसूस हुई और बुखार आ गया, जिसके बाद एहतियातन उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। राज्यपाल के भर्ती होने की सूचना मिलते ही चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर भी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
डॉक्टरों के मुताबिक राज्यपाल को यूरिन इंफेक्शन के साथ किडनी से जुड़ी हल्की समस्या भी सामने आई है। फिलहाल उनका इलाज जनरल मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी और यूरोलॉजी विभाग की संयुक्त निगरानी में किया जा रहा है। उनके यूरिन और ब्लड के सैंपल दोबारा लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
राज्यपाल के उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल प्रशासन ने 9 वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम का मेडिकल बोर्ड बनाया है। इसमें जनरल मेडिसिन के डॉ. पुनीत सक्सेना, नेफ्रोलॉजी के डॉ. धनंजय अग्रवाल और डॉ. संजीव कुमार, यूरोलॉजी के डॉ. शिवम प्रियदर्शी और डॉ. नचिकेत व्यास, एंडोक्राइनोलॉजी के डॉ. संदीप माथुर, माइक्रोबायोलॉजी की एचओडी डॉ. रजनी शर्मा और कार्डियोलॉजी के डॉ. हिमांशु मेहला सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल हैं।
इस बीच उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा भी राज्यपाल से मिलने अस्पताल पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।