Tuesday, 10 March 2026

राजस्थान में 12 मार्च से तापमान में गिरावट, 14–15 मार्च को आंधी-बारिश के आसार


राजस्थान में 12 मार्च से तापमान में गिरावट, 14–15 मार्च को आंधी-बारिश के आसार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य में 12 मार्च से तापमान में हल्की गिरावट शुरू हो सकती है, जबकि 14 और 15 मार्च को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी और बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य से 6 से 8 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटों में बाड़मेर में सबसे अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

आगामी 3 से 4 दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले 48 घंटों में तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा, जबकि 10 और 11 मार्च को दक्षिण-पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं हीटवेव की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 14-15 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई इलाकों में आंधी-बारिश के साथ तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है।

मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जैसलमेर, बाड़मेर और सीमावर्ती क्षेत्रों में हल्की से मध्यम हीटवेव का असर देखने को मिला। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा पिलानी (झुंझुनूं) में 39.2, चित्तौड़गढ़ में 39, चूरू में 38.7, जोधपुर में 38.6 और जैसलमेर में 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

    Previous
    Next

    Related Posts