Monday, 29 December 2025

एम.एल.डी. केकड़ी में तुलसी पूजन एवं आरती का भव्य आयोजन


एम.एल.डी. केकड़ी में तुलसी पूजन एवं आरती का भव्य आयोजन

केकड़ी। मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी (एम.एल.डी.), केकड़ी के प्रांगण में बुधवार को संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भव्य तुलसी पूजन एवं आरती का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान सचिव चंद्रप्रकाश दुबे, निदेशक डॉ. अविनाश दुबे एवं अनिरुद्ध दुबे तथा प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार पारीक द्वारा तुलसी माता के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथियों ने विधिवत आरती उतारी और प्रसाद का भोग अर्पित किया।

कार्यक्रम में उपस्थित आचार्यगण, दीदियों, छात्र एवं छात्राओं ने सामूहिक रूप से तुलसी माता की आरती का गायन कर अपनी आस्था प्रकट की। इस अवसर पर चंद्रप्रकाश दुबे ने तुलसी माता के धार्मिक एवं आयुर्वेदिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि तुलसी को देवी लक्ष्मी का स्वरूप तथा भगवान विष्णु की प्रिय माना जाता है, जो घर और वातावरण में सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। उन्होंने कहा कि तुलसी वातावरण को शुद्ध करती है, नकारात्मक ऊर्जा से रक्षा करती है तथा इसमें ब्रह्मा, विष्णु और शिव का वास माना गया है, जिससे तीनों देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

उन्होंने यह भी बताया कि तुलसी एक चमत्कारी औषधीय पौधा है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, सर्दी-खांसी व बुखार से बचाव, तनाव कम करने, पाचन सुधारने तथा हृदय और त्वचा के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को मिठाई वितरित कर प्रसाद ग्रहण कराया गया। इस पावन आयोजन का संचालन शिक्षिका रितिका खींची के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अंत में शांति मंत्र के उच्चारण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यालय प्रशासन ने छात्र-छात्राओं को सनातन संस्कृति में तुलसी के धार्मिक और आयुर्वेदिक महत्व से अवगत कराने का सार्थक प्रयास किया।

    Previous
    Next

    Related Posts