



बीकानेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने बीते दो वर्षों में सुशासन, जनकल्याण और चहुंमुखी विकास के लिए ऐसे ऐतिहासिक और परिणामकारी कदम उठाए हैं, जिन्होंने समृद्ध एवं विकसित राजस्थान की एक सशक्त बुनियाद रखी है। लूणकरणसर में ग्रामीण समस्या समाधान शिविर एवं विकास कार्यों के लोकार्पण–शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गरीब को गणेश मानकर सेवक के रूप में कार्य कर रही है। हमने बिना भेदभाव सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में बजट दिया और विकास रथ के माध्यम से हर क्षेत्र तक कार्यों का लेखा-जोखा पहुंचाया।”
मुख्यमंत्री शर्मा ने बीकानेर जिले के 719 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही ग्रामीण समस्या समाधान शिविर का अवलोकन किया। इस अवसर पर जिला विकास पुस्तिका, ग्रामीण सेवा शिविर की सफलता की कहानी और शहरी सेवा शिविर–2025 पुस्तिका का भी विमोचन किया।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक लाया जा रहा है। जन्म-मृत्यु पंजीकरण, विवाह पंजीकरण, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, सीवर कनेक्शन, आवास पट्टे, नामांतरण, सहमति विभाजन जैसे कार्य अब शिविरों में तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि किसान सम्मान निधि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार, और आगे बढ़ाकर 12 हजार किया जाएगा। सरकार ने दो वर्षों में युवाओं को 92 हजार नियुक्तियां दी हैं जबकि 1.56 लाख पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। 12 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी, 10.51 लाख साइकिल, 40 हजार स्कूटियां और लाड़ो प्रोत्साहन योजना से 4.60 लाख बालिकाओं को लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि गंग नहर प्रणाली को मजबूत करने के लिए 1717 करोड़ के कार्य शुरू किए गए हैं। फिरोजपुर फीडर का पुनर्निर्माण, आईजीएनपी की नहरों के जीर्णोद्धार और पक्के खालों के लिए 3400 करोड़ का प्रावधान किया गया है। पूर्वी राजस्थान के लिए राम जल सेतु लिंक परियोजना पर 26 हजार करोड़ के कार्यादेश जारी हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री शर्मा ने पूर्ववर्ती सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार ने 2 वर्षों में ही 5 साल से अधिक काम कर दिखाया है।पूर्व सरकार ने 52 हजार हेक्टेयर भूमि को नहरी सिंचाई दी थी, जबकि वर्तमान सरकार 85 हजार हेक्टेयर तक सिंचाई पहुंचा चुकी है।5 वर्षों में 29 हजार फार्म पॉन्ड बने थे, जबकि मौजूदा सरकार 2 वर्षों में ही 35 हजार से अधिक फार्म पॉन्ड बना चुकी है।गोशालाओं को पूर्व सरकार ने 5 साल में 3117 करोड़ दिए जबकि वर्तमान सरकार ने दो साल में ही 3433 करोड़ की सहायता दी है।
बीकानेर जिले में युवाओं को 1952 नियमित व 2540 संविदा नियुक्तियां, 50 हजार किसानों को 206 करोड़ का बीमा क्लेम, 24 हजार महिलाओं को लखपति दीदी योजना का लाभ और 1.52 लाख यूनिट्स को खाद्य सुरक्षा सूची में जोड़ा गया है।
प्रभारी और चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा ढांचा अभूतपूर्व रूप से मजबूत हुआ है। 50 हजार पदों पर नियुक्तियां, मा योजना में 25 लाख तक कैशलेस इलाज और लूणकरणसर में आधुनिक अस्पताल इसका प्रमाण हैं।
खाद्य आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि लूणकरणसर और नापासर को नगर पालिका का दर्जा दिया गया है। 185 करोड़ से कंवरसेन नहर में खालों का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शर्मा ने 612 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं 107 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने दिव्यांगजन को स्कूटियां और महिलाओं को सौर चूल्हे वितरित किए तथा जिला विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।