Tuesday, 07 October 2025

जोबनेर कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. बलराज सिंह निलंबित, राज्यपाल ने बनाई जांच समिति


जोबनेर कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. बलराज सिंह निलंबित, राज्यपाल ने बनाई जांच समिति

जयपुर। जोबनेर स्थित कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. बलराज सिंह को विवादों के चलते पद से हटा दिया गया है। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने सोमवार को तत्काल प्रभाव से वीसी को निलंबित करने के आदेश जारी किए। राजभवन को डॉ. बलराज सिंह के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिनमें नियमों की अनदेखी, गलत फैसले और अधिकारों के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए थे।

राज्यपाल ने इन शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए जांच के लिए एक कमेटी गठित की है, जो जल्द ही अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

कार्यकाल खत्म होने से पहले नीतिगत फैसले

डॉ. बलराज सिंह का कार्यकाल जल्द ही समाप्त होने वाला था। नियमों के अनुसार, किसी भी कुलगुरु को कार्यकाल के अंतिम तीन महीनों में नीतिगत निर्णय लेने का अधिकार नहीं होता। इसके बावजूद डॉ. सिंह ने कई नीतिगत फैसले किए, जिन्हें नियमों का खुला उल्लंघन माना गया।

पहले भी रहे वीसी

बलराज सिंह इससे पहले जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु रह चुके हैं। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में उन्हें जोबनेर कृषि विश्वविद्यालय का वीसी नियुक्त किया गया था।

गलत तबादले और बर्खास्तगी के आरोप

राजभवन से जारी बयान में कहा गया है कि डॉ. बलराज सिंह ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया और गलत तबादले किए। यह सब विश्वविद्यालय अधिनियम और नियमों के विपरीत पाया गया। कर्मचारियों के तबादलों और बर्खास्तगी के मामलों में नियमों की अनदेखी और अधिकारों का दुरुपयोग स्पष्ट रूप से सामने आया है।

इस कार्रवाई के बाद अब विश्वविद्यालय में नए कुलगुरु की नियुक्ति तक कार्यभार अंतरिम तौर पर वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपा जाएगा।

Previous
Next

Related Posts