जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को "गांधी आश्रम- एक जीवन दृष्टि" पुस्तक का विमोचन किया। यह कार्यक्रम गहलोत के निवास 49, सिविल लाइन, जयपुर पर आयोजित हुआ। इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री राजीव अरोड़ा, कांग्रेस विधायक दल के सचेतक विधायक रफीक खान,पूर्व आरपीएससी के अध्यक्ष बीएल शर्मा और पुस्तक के लेखक डॉ. लहर इसरानी भी मौजूद रहे।
अशोक गहलोत ने एक्स पर लिखा कि दक्षिण अफ्रीका और भारत में महात्मा गांधी द्वारा स्थापित आश्रम उनकी प्रयोगशाला थे। यहीं से सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह का मार्ग निकला जिसने भारत की स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी।
गहलोत ने कहा कि यह पुस्तक आज की पीढ़ी को गांधीजी के सिद्धांतों और जीवन दृष्टि से अवगत कराती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे गांधीजी की जीवनी अवश्य पढ़ें और संभव हो तो उनके आश्रमों का भी भ्रमण करें ताकि गांधीजी के विचारों को करीब से समझ सकें।