अलवर की सरस डेयरी में सोमवार को बड़ा बदलाव हुआ। केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव के निजी सहायक (PA) नितिन सांगवान सरस डेयरी के चेयरमैन चुने गए हैं। सोमवार सुबह 10 बजे से 11 बजे तक नामांकन भरने का समय निर्धारित था। इस दौरान केवल नितिन सांगवान ने नामांकन दाखिल किया। चूंकि किसी अन्य उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया, इसलिए उनका चेयरमैन बनना तय हो गया है।
सुबह 11 बजे के बाद से ही कार्यकर्ताओं ने नितिन सांगवान को मिठाई खिलाकर बधाई देना शुरू कर दिया। अब केवल औपचारिक घोषणा शेष है, जो दोपहर 2 बजे की जाएगी।
नितिन सांगवान ने सुबह वन राज्यमंत्री संजय शर्मा के साथ मिलकर नामांकन दाखिल किया। उनके निर्विरोध चुने जाने के बाद संजय शर्मा ने कहा— “देश की लीडरशिप में अब युवा आगे आ रहे हैं। पहली बार सरस डेयरी में भाजपा का एक मूल कार्यकर्ता चेयरमैन बना है।”
इस घटनाक्रम को भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी जीत माना जा रहा है। लंबे समय से पार्टी कार्यकर्ता इस पद पर संगठन के मजबूत और युवा चेहरे को लाने की मांग कर रहे थे। नितिन सांगवान के निर्विरोध चेयरमैन बनने से पार्टी समर्थकों में उत्साह का माहौल है।