जयपुर एक बार फिर तीज महोत्सव के रंग में रंगने जा रही है। 27 और 28 जुलाई 2025 को पारंपरिक तीज महोत्सव की भव्य शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शाही सवारी और क्राफ्ट फूड बाजार का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों का जायजा लेते हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक गरिमा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि तीज केवल धार्मिक पर्व नहीं बल्कि राजस्थान की विरासत और लोक संस्कृति का उत्सव भी है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष पहली बार छोटी चौपड़ पर तीज माता की सवारी के दौरान महाआरती का आयोजन होगा। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है, सभी प्रवेश द्वारों और मार्गों पर चेकिंग के इंतजाम रहेंगे। पर्यटन विभाग और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।
शाही सवारी का कार्यक्रम सिटी पैलेस (जनानी ड्योढ़ी) से शुरू होकर त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़ और गंगौरी बाजार होते हुए तालकटोरा तक जाएगी। सवारी में ऊंट, बैलगाड़ियां, बग्घियां, लोक कलाकार, नर्तक दल और पारंपरिक वाद्य यंत्र शामिल होंगे, जो इस आयोजन को और भी भव्य बनाएंगे।
तालकटोरा झील परिसर में आयोजित होने वाले Craft & Food Bazaar में राजस्थान के विभिन्न जिलों से शिल्पकार अपने हस्तशिल्प का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही राजस्थानी व्यंजन, लोक संगीत व नृत्य प्रस्तुतियाँ पर्यटकों को आकर्षित करेंगी। यह बाजार दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक दोनों दिन खुला रहेगा।
तेज महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का पर्व है, बल्कि यह राजस्थान की लोकसंस्कृति, महिला श्रद्धा और आत्मबल का उत्सव है। देश-विदेश से पर्यटक इसमें भाग लेंगे, जिससे जयपुर की पहचान एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर उभरेगी।