अजमेर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पुष्कर में धार्मिक वातावरण और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने पुष्कर सरोवर के प्रधान वराह घाट पर आयोजित पांच दिवसीय यज्ञ की पूर्णाहुति में भाग लिया और हवन यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडितों के सान्निध्य में यज्ञ अनुष्ठान में भाग लेकर धर्मिक पुण्य अर्जित किया।
श्री ब्रह्मपुष्कर विप्र महासभा समिति द्वारा आयोजित इस यज्ञ के समापन अवसर पर राठौड़ ने पुष्कर सरोवर की महाआरती में भी भाग लिया और विधिपूर्वक आरती कर देश-प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना की। साथ ही उन्होंने प्रार्थना की कि पुष्कर सरोवर सदैव जल से लबालब भरा रहे।
पंडित पुष्कर नारायण शास्त्री के आचार्यत्व में 102वां पांच दिवसीय यज्ञ सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ। इस अवसर पर धर्मेंद्र राठौड़ ने ब्रह्म सावित्री वेद विद्यापीठ संस्थान के विद्यार्थियों और पंडितों को “धर्म का यथार्थ स्वरूप” नामक पुस्तक भी भेंट की, जिससे युवा पीढ़ी को धार्मिक एवं वैदिक मूल्यों से जोड़ने का संदेश मिला।
पंडित रविकांत शर्मा के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दुग्धाभिषेक और महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय गणमान्यजनों ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम में यज्ञ समिति अध्यक्ष नरपत सिंह राजपुरोहित, पार्षद नोरत गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र अग्रवाल, पूर्व पार्षद सर्वेश पारीक, हेमंत जोधा, आरिफ खान, आशुतोष शर्मा, पार्षद ओम प्रकाश डोल्या, सामाजिक कार्यकर्ता अरुण पाराशर, मधुसूदन पाराशर सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस संपूर्ण आयोजन ने पुष्कर की आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक ऊँचाई दी और गुरु पूर्णिमा जैसे पर्व को सार्थकता प्रदान की।