पटना। तेजप्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट से एक विवादित पोस्ट के बाद राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में शनिवार बड़ा राजनीतिक भूचाल देखने को मिला। जब पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने बेटे तेजप्रताप यादव को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने की घोषणा फेसबुक पर एक सार्वजनिक पोस्ट के जरिए की।
यह कार्रवाई तेजप्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट से शनिवार शाम किए गए एक विवादित पोस्ट के बाद की गई, जिसमें एक महिला अनुष्का यादव के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा गया था कि, "मैं 12 साल से अनुष्का यादव के साथ रिलेशनशिप में हूं।"
इस पोस्ट के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। पार्टी की छवि और आंतरिक अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे। करीब 5 घंटे बाद तेजप्रताप ने अपने X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर सफाई देते हुए दावा किया कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया गया था और वह पोस्ट फर्जी है। साथ ही फोटो को भी एडिट बताया गया।
पार्टी नेतृत्व ने इस स्पष्टीकरण को स्वीकार नहीं किया। लालू यादव ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि "पार्टी की गरिमा, सार्वजनिकआचरण और अनुशासन के विरुद्ध आचरण करने के चलते तेजप्रताप यादव को 6 वर्षों के लिए राष्ट्रीय जनता दल से निष्कासित किया जाता है।"
तेजस्वी यादव या पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई औपचारिक बयान नहीं आया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह घटनाक्रम न केवल आरजेडी के भीतर पारिवारिक मतभेदों को उजागर करता है, बल्कि तेजप्रताप यादव की राजनीतिक प्रासंगिकता पर भी प्रश्न खड़े करता है। आने वाले दिनों में तेजप्रताप की प्रतिक्रिया और संभावित अगली राजनीतिक चाल पर सभी की निगाहें होंगी।