Tuesday, 20 May 2025

ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में जयपुर में निकली सिंदूर यात्रा, मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी, धर्मपत्नी गीता शर्मा हुई शामिल,कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई तीखी नोकझोंक


ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में जयपुर में निकली सिंदूर यात्रा, मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी, धर्मपत्नी गीता शर्मा हुई शामिल,कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई तीखी नोकझोंक

भारतीय सेना के सफल ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से मंगलवार को जयपुर में एक भव्य सिंदूर यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का नेतृत्व जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने किया, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बड़ी चौपड़ से इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस गौरवपूर्ण आयोजन में डिप्टी सीएम दीया कुमारी, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता शर्मा, और भाजपा की महिला मोर्चा की कई कार्यकर्ता सम्मिलित हुईं। यात्रा में हजारों महिलाओं और युवाओं ने सहभागिता की और भारत माता की जय, वंदे मातरम् जैसे नारों से वातावरण देशभक्ति से भर गया।

हालांकि इस यात्रा के दौरान एक राजनीतिक चर्चा भी जोर पकड़ती रही, क्योंकि स्थानीय विधायक बालमुकुंदाचार्य कार्यक्रम से नदारद रहे। उनकी अनुपस्थिति पर कार्यकर्ताओं के बीच में फुसफुसाहट होती रही।
यह सिंदूर यात्रा बड़ी चौपड़ से प्रारंभ होकर त्रिपोलिया बाजार होते हुए छोटी चौपड़ पर समाप्त हुई। यात्रा में हाथों में तिरंगा लिए हजारों कार्यकर्ता, सिंदूर से सजी मातृशक्ति और देशभक्ति गीतों के साथ जनसैलाब उमड़ा।

पुलिस-कार्यकर्ता विवाद:इस यात्रा के दौरान पुलिस की सख्ती पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। डिप्टी सीएम दीया कुमारी, भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ अलका सिंह गुर्जर,हेरिटेज नगर निगम की मेयर कुसुम यादवऔर अन्य जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर बनाए गए घेरे में कई बार पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं को पीछे धकेला, जिससे माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।

कई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस भी देखी गई। हालांकि वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।

Previous
Next

Related Posts