टोंक जिले के दूनी कस्बे में सोमवार सुबह एक ही परिवार के चाचा-भतीजा सहित तीन लोगों की अचानक हृदयाघात (हार्ट अटैक) से मृत्यु हो गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ी और अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
पहली घटना में अरविंद कुमार गोखरू (60) निवासी ओसवाल मोहल्ला (नया दरवाजा) को सुबह 4 बजे अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। उन्हें तुरंत दूनी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं कुछ ही देर बाद, सुबह करीब 5:30 बजे, अरविंद के चाचा लहरचंद गोखरू (75) निवासी सुधा सागर वाटिका को भी सीने में दर्द की शिकायत हुई और उन्हें भी अस्पताल लाया गया।
सुबह 6 बजे, इलाज के दौरान दोनों ने 2-3 मिनट के अंतराल में दम तोड़ दिया।
इसके अलावा तीसरी घटना में, रिटायर्ड गिरदावर मोहनलाल विजयवर्गीय निवासी आयुर्वेद अस्पताल के पास, आवां रोड को रविवार रात 11 बजे सीने में दर्द हुआ। उन्हें दूनी से टोंक और फिर जयपुर रेफर किया गया, लेकिन जयपुर ले जाते समय सुबह 6 बजे रास्ते में उनकी भी मृत्यु हो गई।
इस घटना के बाद पूरे दूनी कस्बे में शोक की लहर है। तीनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतकों के पारिवारिक विवरण:
लहरचंद गोखरू के दो बेटे हैं, जिनमें से एक का मेडिकल स्टोर है और दूसरा उदयपुर में रहता है।
अरविंद गोखरू का एक बेटा है, जो जनरल स्टोर चलाता है।
मोहनलाल विजयवर्गीय के भी दो बेटे हैं, जिनमें से एक किराना दुकान और दूसरा मोबाइल शॉप चलाता है।