



ताशकंद। उज्बेकिस्तान के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने अपने देश के सर्वोच्च राज्य सम्मान ‘ओली दाराजली दोस्लिक’ से सम्मानित किया। यह सम्मान दोनों देशों के बीच मित्रता और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में योगदान के लिए प्रदान किया गया।
उज्बेक भाषा में ‘ओली दाराजली दोस्लिक’ का अर्थ ‘उच्च स्तरीय मित्रता’ है। इस सम्मान के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मानों की संख्या 36 हो गई है।
प्रधानमंत्री मोदी को मिला यह सम्मान भारत और उज्बेकिस्तान के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी और दोस्ताना संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच व्यापार, संपर्क, निवेश, ऊर्जा और क्षेत्रीय सहयोग सहित कई क्षेत्रों में संबंध लगातार मजबूत हुए हैं।
उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री मोदी को सम्मान प्रदान करते हुए दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग को रेखांकित किया।
उज्बेकिस्तान का दौरा पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी रविवार रात वहां से रवाना हुए और इसके बाद किर्गिस्तान पहुंचे। प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान मध्य एशियाई देशों के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत करने पर जोर है।