



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा से टिकट के लिए आवेदन करने वाले दावेदारों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए चुनाव में बूथ स्तर तक मजबूत जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव केवल पार्षद चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और राजस्थान को विकसित व समृद्ध प्रदेश बनाने के लक्ष्य को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकाय लोकतंत्र की पहली सीढ़ी हैं और इन चुनावों में भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता तथा जनता के साथ उसका आत्मीय संबंध है।
उन्होंने कहा कि भाजपा में व्यक्ति से बड़ा संगठन, संगठन से बड़ा विचार और विचार से बड़ा राष्ट्र है। पार्टी कार्यकर्ता के परिश्रम को देखती है, उसके समर्पण को पहचानती है और उसके योगदान को कभी नहीं भूलती। टिकट के दावेदारों को दिए इस संदेश को संगठन में अनुशासन और सामूहिक निर्णय को प्राथमिकता देने के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की राजनीति और विकास में महिलाओं की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों और ‘लखपति दीदी’ पहल का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाएं परिवार के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से महिला मतदाताओं तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार के काम और विकास के संदेश को प्रत्येक घर तक लेकर जाएं। उन्होंने पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसान कल्याण जैसे क्षेत्रों में राज्य सरकार के काम का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने वार्ड में बूथ स्तर तक मजबूत जनसंपर्क अभियान चलाए और मतदाताओं के बीच सरकार के कार्यों की जानकारी रखे। निकाय चुनावों में स्थानीय मुद्दों की अहम भूमिका को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को वार्ड स्तर पर सक्रिय रहने और लोगों के साथ सीधा संवाद बनाए रखने का संदेश दिया।
भजनलाल शर्मा ने चुनाव प्रचार में डिजिटल माध्यमों के उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से सरकार की योजनाओं और कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग जनसेवा और जनसंवाद के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को नकारात्मकता का जवाब आरोप-प्रत्यारोप के बजाय अपने काम, विकास और विचारों के जरिए देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में केंद्र सरकार की योजनाओं और राज्य सरकार की नीतियों के बीच बेहतर समन्वय से विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल राजस्थान को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना नहीं है, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में राजस्थान को अग्रणी भूमिका में लाना है। भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को पार्टी के लिए मार्गदर्शन बताते हुए कहा कि संगठन भाजपा की ताकत, कार्यकर्ता उसकी शक्ति और मातृशक्ति उसकी प्रेरणा है।
वीसी के अंत में मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं और टिकट दावेदारों से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता व्यक्तिगत दावेदारी से ऊपर उठकर संगठन के निर्णय का सम्मान करें और नगर निकाय चुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटें।