Thursday, 27 August 2026

जयपुर नगर निगम चुनाव: पहले दिन सिर्फ 11 प्रत्याशियों ने भरे 13 नामांकन, 141 वार्डों में एक भी पर्चा नहीं


जयपुर नगर निगम चुनाव: पहले दिन सिर्फ 11 प्रत्याशियों ने भरे 13 नामांकन, 141 वार्डों में एक भी पर्चा नहीं

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जयपुर नगर निगम चुनाव-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई। शहर में बनाए गए 15 अलग-अलग रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालयों पर सुबह 10:15 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र स्वीकार किए गए। पहले दिन कुल 11 प्रत्याशियों ने 13 नामांकन पत्र दाखिल किए।

जिला निर्वाचन शाखा की रिपोर्ट के अनुसार जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में से केवल 9 वार्डों में ही पहले दिन नामांकन दाखिल हुए, जबकि 141 वार्डों में एक भी प्रत्याशी नामांकन भरने नहीं पहुंचा।

इन 9 वार्डों में आए नामांकन

पहले दिन वार्ड संख्या 148, 99, 50, 12, 14, 16, 25, 31 और 40 से नामांकन पत्र दाखिल किए गए।

कुल 13 नामांकन पत्रों में से 4 कांग्रेस से दावेदारी करते हुए भरे गए, जबकि 8 नामांकन पत्र निर्दलीय उम्मीदवारों की ओर से जमा किए गए। दो प्रत्याशियों ने दो-दो नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें एक नामांकन राजनीतिक दल के प्रत्याशी के रूप में और दूसरा निर्दलीय के रूप में भरा गया है।

कांग्रेस की सूची नहीं, फिर भी 4 ने पार्टी प्रत्याशी के रूप में भरा पर्चा

भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रमुख दलों ने अभी तक जयपुर नगर निगम के लिए अपने अधिकृत प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी नहीं की है। इसके बावजूद पहले दिन चार नामांकन पत्र इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC) के उम्मीदवार के रूप में दाखिल किए गए। हालांकि पार्टी की ओर से अभी इन प्रत्याशियों को अधिकृत चुनाव चिह्न जारी नहीं किया गया है। अंतिम रूप से पार्टी प्रत्याशी बनने के लिए संबंधित उम्मीदवार को निर्धारित समयसीमा में पार्टी की अधिकृत सूचना और आवश्यक चुनावी दस्तावेज निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने होंगे।

अब नामांकन के लिए केवल दो दिन

28 अगस्त को रक्षाबंधन के सार्वजनिक अवकाश के कारण नामांकन नहीं होंगे। इसके बाद 29 अगस्त को फॉर्म जमा किए जा सकेंगे। 30 अगस्त को रविवार होने के कारण रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय बंद रहेंगे। ऐसे में उम्मीदवारों के पास अब केवल 29 और 31 अगस्त को ही नामांकन दाखिल करने का अवसर रहेगा।

अंतिम दिन बढ़ सकती है भीड़

प्रमुख राजनीतिक दलों के टिकट अभी घोषित नहीं होने के कारण पहले दिन नामांकन की संख्या काफी कम रही। भाजपा और कांग्रेस की सूची जारी होने के बाद 29 और विशेष रूप से 31 अगस्त को नामांकन केंद्रों पर बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के पहुंचने की संभावना है। प्रत्याशी चयन और पार्टी सिंबल की स्थिति स्पष्ट होने के बाद जयपुर के 150 वार्डों में वास्तविक चुनावी तस्वीर भी तेजी से सामने आने लगेगी।

Previous
Next

Related Posts