



अजमेर। पुष्कर में नगर निकाय चुनाव की आचार संहिता के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल से 1 करोड़ 8 लाख 89 हजार 360 रुपए की नकदी बरामद की है। यह रकम उपखंड कार्यालय के सामने स्थित होटल स्पैरो के संचालक के कमरे से मिली।
इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद पुलिस ने होटल संचालक बंकेश सेन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकदी कहां से आई, किसकी थी और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
थानाधिकारी अशोक बिस्सू के अनुसार चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद क्षेत्र में लगातार चेकिंग और निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे पुलिस टीम ने एसडीएम कार्यालय के सामने स्थित होटल स्पैरो का आकस्मिक निरीक्षण किया।
पुलिस ने होटल के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ली। होटल में बेसमेंट के साथ दो मंजिल और कई कमरे हैं। तलाशी के दौरान होटल संचालक के कमरे से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
पुलिस अब नकदी से जुड़े दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड और होटल संचालक से मिली जानकारी का मिलान कर रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि क्या यह रकम किसी वैध कारोबारी लेन-देन से जुड़ी है या चुनावी गतिविधियों में इसके इस्तेमाल की कोई योजना थी।
चूंकि कार्रवाई चुनाव आचार संहिता के दौरान हुई है, इसलिए पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नकदी का किसी राजनीतिक दल, प्रत्याशी या चुनावी गतिविधि से कोई संबंध तो नहीं है। फिलहाल ऐसा कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस पूछताछ और रिकॉर्ड की जांच के बाद ही रकम के वास्तविक स्रोत और उद्देश्य को लेकर स्थिति साफ होगी।
पुष्कर में एक ही जगह से एक करोड़ रुपए से अधिक नकदी मिलने के बाद प्रशासन और निर्वाचन से जुड़ी टीमों की सतर्कता और बढ़ गई है। आचार संहिता के दौरान नकदी, शराब, उपहार और अन्य संभावित चुनावी प्रलोभनों पर निगरानी के लिए लगातार चेकिंग की जा रही है।