



जयपुर। राजस्थान सरकार के कैबिनेट कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की सेहत को लेकर जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल से राहत भरी खबर सामने आई है। स्वाइन फ्लू यानी H1N1 इनफ्लूएंजा से संक्रमित होने के बाद मेडिकल ICU में भर्ती डॉ. मीणा की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है और वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
ताजा मेडिकल अपडेट के अनुसार डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को फिलहाल प्रति मिनट करीब 1 लीटर की दर से मिनिमल ऑक्सीजन सपोर्ट दिया जा रहा है। उनका बुखार और शरीर का तापमान नियंत्रण में है, जबकि शुगर स्तर भी सामान्य बताया गया है।
डॉ. मीणा के स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाए जाने के बाद SMS मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सी.एल. नवल की देखरेख में डॉक्टरों की विशेष टीम उनके उपचार की निगरानी कर रही है।
मेडिकल ICU में संक्रमण नियंत्रण से जुड़े सभी आवश्यक प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं। डॉक्टर लगातार उनके वाइटल्स, ऑक्सीजन स्तर और फेफड़ों में संक्रमण की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार डॉ. मीणा की स्थिति में लगातार सकारात्मक सुधार देखा जा रहा है। फिलहाल उनकी हालत नियंत्रण में है और किसी बड़ी जटिलता की सूचना नहीं है।
मिनिमल ऑक्सीजन सपोर्ट पर रहने और बुखार नियंत्रित होने को डॉक्टर सकारात्मक संकेत मान रहे हैं। हालांकि संक्रमण को देखते हुए अभी भी उनकी लगातार मेडिकल मॉनिटरिंग जारी रखी जा रही है।
डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता थी। अब उनकी हालत स्थिर होने और स्वास्थ्य में सुधार की खबर से समर्थकों तथा परिजनों ने राहत की सांस ली है।
पिछले दिनों मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी फोन पर उनका हाल जाना था, जबकि चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने SMS अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली थी।