



जयपुर। जयपुर के सीतापुरा इलाके में बुधवार देर रात एक युवती को गोली मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी से इनकार करने पर आकाश नाम के युवक ने 23 वर्षीय कनक शाक्य को गोली मार दी। गोली युवती के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना चित्राला सर्किल के पास रात करीब साढ़े 10 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने घायल युवती को तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार कनक शाक्य मूल रूप से भरतपुर जिले के सेवर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह जयपुर के सीतापुरा इलाके में अपनी मां के साथ किराए के फ्लैट में रह रही थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।
पुलिस प्रारंभिक तौर पर शादी से इनकार को वारदात की वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि घटना के पीछे वास्तविक कारण और दोनों के बीच संबंधों की पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटना की सूचना मिलते ही सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को बुलाया। एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोली किस हथियार से चलाई गई और आरोपी घटना से पहले और बाद में किस दिशा में गया।
पुलिस ने फ्लैट और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इससे आरोपी की गतिविधियों, वाहन और घटना के समय मौजूद अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
वारदात के बाद आरोपी आकाश मौके से फरार हो गया। पुलिस की अलग-अलग टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों, मोबाइल लोकेशन और संपर्कों की जानकारी जुटाकर उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है।
सीने में गोली लगने के कारण युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की टीम उसका इलाज कर रही है। पुलिस युवती के बयान की स्थिति बनने पर उससे भी घटनाक्रम की जानकारी लेने का प्रयास करेगी।