Friday, 28 August 2026

भीनमाल में स्कॉर्पियो-ऑटो की भीषण भिड़ंत, राखी बांधने पीहर जा रही महिला और पति की मौत, 4 घायल


भीनमाल में स्कॉर्पियो-ऑटो की भीषण भिड़ंत, राखी बांधने पीहर जा रही महिला और पति की मौत, 4 घायल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जालोर। भीनमाल क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनके दो बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए। हादसा रानीवाड़ा रोड पर कोड़ी सगी नदी से पहले पेट्रोल पंप के पास रात करीब 8:30 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से आ रहे ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर भीनमाल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

राखी बांधने पीहर जा रही थी महिला

भीनमाल थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह राजपुरोहित के अनुसार दासपा बस स्टैंड के पास रहने वाले वरदाराम (42) पुत्र तेजाराम भील अपनी पत्नी छगन देवी (40) और बच्चों के साथ ऑटो से रानीवाड़ा क्षेत्र के शिवगढ़ जा रहे थे। छगन देवी अपने भाई को राखी बांधने के लिए पीहर जा रही थीं। रास्ते में परिवार हादसे का शिकार हो गया।

अस्पताल में पति-पत्नी को मृत घोषित किया

हादसे के बाद वरदाराम और छगन देवी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

उनके बेटे सुमेराराम (10) और बेटी जानू कुमारी (4) घायल हुए हैं। हादसे के बाद घायल मासूम बेटा अपनी मां के शव के पास बैठकर रोता रहा, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

ऑटो ड्राइवर और स्कॉर्पियो सवार भी घायल

हादसे में ऑटो चालक मसराराम भील भी घायल हुआ है। वहीं स्कॉर्पियो में सवार रोहित पुत्र रामाराम पुरोहित को भी चोटें आई हैं।

सभी घायलों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?

प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह स्कॉर्पियो की तेज रफ्तार बताई जा रही है। हालांकि पुलिस वाहन की गति, सड़क की स्थिति और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts