



MACG के प्रथम राष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वसम्मति से अखिल भारतीय अध्यक्ष चुने गए, निवेशक हित, वित्तीय साक्षरता और मजबूत वितरण तंत्र पर रहेगा फोकस
मुंबई/इंदौर। म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन कोऑर्डिनेशन ग्रुप (MACG) के प्रथम राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर की 54 म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स संस्थाओं ने इंदौर के वरिष्ठ म्यूचुअल फंड वितरक राजेश कूलवाल को सर्वसम्मति से अखिल भारतीय अध्यक्ष निर्वाचित किया।
सम्मेलन का आयोजन मुंबई के होटल सहारा स्टार में किया गया। दो दिवसीय आयोजन में देशभर से म्यूचुअल फंड वितरण क्षेत्र, नियामक संस्थाओं और एसेट मैनेजमेंट कंपनियों से जुड़े वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सम्मेलन के दूसरे दिन SEBI के कार्यकारी निदेशक मनोज कुमार और AMFI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वेंकट एन. चलसानी सहित 40 से अधिक म्यूचुअल फंड कंपनियों के CEO और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा CAMS, KFin Technologies, BSE, NSE और MFU जैसी प्रमुख संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और म्यूचुअल फंड उद्योग के भविष्य, निवेशक जागरूकता, डिजिटल नवाचार और वितरण व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश कूलवाल ने कहा कि MACG देशभर के म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स को एक सशक्त राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने का काम करेगा।
उन्होंने कहा कि संगठन निवेशक हित, वित्तीय साक्षरता और उद्योग के संतुलित विकास को प्राथमिकता देगा। साथ ही नियामक संस्थाओं और एसेट मैनेजमेंट कंपनियों के साथ रचनात्मक संवाद को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
सम्मेलन में यह भी चर्चा हुई कि देश में निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए वित्तीय साक्षरता को मजबूत किया जाए और छोटे शहरों तथा नए निवेशकों तक म्यूचुअल फंड की सही जानकारी पहुंचाई जाए। डिजिटल प्लेटफॉर्म, तकनीकी नवाचार, पारदर्शिता और निवेशक सेवा को बेहतर बनाने पर भी विशेषज्ञों ने जोर दिया।
इंदौर के प्रतिनिधि को राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व मिलने पर वित्तीय सलाहकारों और म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स ने खुशी जताई। CAIT के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता सहित मध्यप्रदेश के कई वित्तीय सलाहकारों और डिस्ट्रीब्यूटर्स ने इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
राजेश कूलवाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर अखिल भारतवर्षीय खंडेलवाल वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता (तुंगा वाले), मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष संजीव कट्टा, महासभा पत्रिका के मुख्य संपादक राम निरंजन खुटेटा, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. रमेश कुमार रावत और राष्ट्रीय युवा संयोजक शरद फरसोईया सहित अनेक पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं।
राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, असम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश सहित कई राज्यों और कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, रतलाम, मुंबई तथा राजनांदगांव जैसे प्रमुख शहरों से जुड़े महासभा पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और आजीवन सदस्यों ने भी खुशी व्यक्त की। उन्होंने राजेश कूलवाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस जिम्मेदारी के लिए उन्हें बधाई दी।