



नशे और साइबर ठगी के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने का आह्वान, महिला सुरक्षा संकल्प पुस्तिका का विमोचन
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में सुरक्षा सखियों और युवा CLG सदस्यों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि नशे, साइबर ठगी और अन्य सामाजिक अपराधों के प्रति आमजन को अधिक से अधिक जागरूक करना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा सखियों और युवा CLG सदस्यों से अपील की कि वे पुलिस के साथ मिलकर कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने और सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि बदलते समय में साइबर अपराध और नशे जैसी चुनौतियां गंभीर रूप ले रही हैं। इनसे निपटने के लिए केवल पुलिस कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा सखियां और युवा CLG सदस्य लोगों तक सही जानकारी पहुंचाकर, जागरूकता अभियान चलाकर और समय रहते पुलिस को सूचना देकर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा संकल्प पुस्तिका का विमोचन किया। पुस्तिका के माध्यम से महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं, जागरूकता उपायों और सहयोग तंत्र की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय महत्वपूर्ण है। सुरक्षा सखी और CLG जैसी व्यवस्थाएं इसी उद्देश्य से प्रभावी माध्यम बन सकती हैं।उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर मिलने वाली जानकारी कई बार अपराध रोकने और पीड़ितों तक समय पर मदद पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित होती है।
कार्यक्रम में जयपुर के साथ प्रदेशभर से बड़ी संख्या में सुरक्षा सखियां और युवा CLG सदस्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।मुख्यमंत्री ने उनसे संवाद कर जमीनी स्तर पर कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नशे से जुड़ी चुनौतियों पर सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।