



डॉग स्क्वायड, ATS और SDRF ने खंगाला मुख्यमंत्री कार्यालय, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, सवाई माधोपुर निवासी आरोपी गिरफ्तार
जयपुर। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को जयपुर में हड़कंप मच गया। जयपुर कंट्रोल रूम में धमकी भरा फोन आने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमला तत्काल अलर्ट मोड पर आ गया और मुख्यमंत्री कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ राजर्षि राज मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद डॉग स्क्वायड, एटीएस, SDRF सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की टीमों को मौके पर बुलाया गया।
धमकी के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों की टीमों ने करीब साढ़े चार घंटे तक कार्यालय परिसर के विभिन्न हिस्सों को खंगाला।डॉग स्क्वायड और अन्य विशेष टीमों की जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को जयपुर कंट्रोल रूम में एक व्यक्ति ने फोन कर मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उच्च अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई। इसके बाद CMO परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई तथा आने-जाने वाले स्थानों की भी जांच की गई।
धमकी देने वाले फोन नंबर को पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए ट्रेस किया। विधायकपुरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लाला कोठयारी (38), निवासी सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने धमकी भरा कॉल क्यों किया और इसके पीछे उसका उद्देश्य क्या था।
घटना के बाद CMO की सुरक्षा से जुड़ी सभी एजेंसियां सतर्क रहीं। एटीएस, SDRF और डॉग स्क्वायड की टीमों ने समन्वय के साथ पूरे परिसर की जांच की। प्रारंभिक तलाशी में किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने के बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है।