



सभी दलों ने सर्वदलीय बैठक की परंपरा का किया स्वागत, देवनानी बोले- प्रतिपक्ष नियमों के अनुरूप जनहित के मुद्दे उठाए, सरकार समाधान का पूरा प्रयास करे
जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में मंगलवार को विधानसभा में सातवीं सर्वदलीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में पक्ष और प्रतिपक्ष के सदस्यों ने स्पीकर देवनानी की ओर से शुरू की गई सर्वदलीय बैठक की परंपरा का स्वागत किया और इसे सदन के सुचारू संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
बैठक में सभी दलों ने सकारात्मक रुख के साथ सदन को शांतिपूर्वक चलाने, सदन और आसन की गरिमा बनाए रखने तथा सम्मानजनक भाषा का उपयोग करने पर सहमति जताई।
स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कहा कि सदन में नियमों के अनुरूप प्रतिपक्ष को जनहित के मुद्दे उठाने चाहिए और राज्य सरकार को उनका समाधान करने का पूरा प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सदन में सार्थक चर्चा होनी चाहिए और सभी दल सकारात्मक सोच के साथ अपनी भागीदारी निभाएं। सदन चलाना केवल सरकार या विपक्ष की नहीं, बल्कि सभी सदस्यों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
देवनानी ने बैठक में आश्वस्त किया कि सदन में होने वाली चर्चाओं के दौरान सभी सदस्यों को अपनी बात रखने के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सदन जनहित के मुद्दों पर चर्चा का पावन स्थल है और यहां उठाए गए विषयों को गंभीरता से लिया जाता है। इसलिए सदस्य अपनी बात मर्यादित और नियमसम्मत तरीके से रखें।
सोलहवीं राजस्थान विधानसभा के षष्ठम सत्र की बैठकें 20 अगस्त से शुरू होंगी। इससे पहले हुई सर्वदलीय बैठक में सत्र के दौरान शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने पर सभी दलों ने सहमति जताई। पक्ष और प्रतिपक्ष दोनों ने स्पीकर को भरोसा दिलाया कि सदस्य सदन में मर्यादापूर्ण व्यवहार करेंगे और जनहित के विषयों पर सार्थक चर्चा करेंगे।
बैठक में राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष के अवसर पर आयोजित पूर्व एवं वर्तमान विधायकों के समागम कार्यक्रम की भी सभी दलों ने सराहना की। पक्ष और प्रतिपक्ष के सदस्यों ने इस आयोजन को बेहतरीन बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को धन्यवाद दिया।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि सदन में रखी गई बातों को सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सदन चलाने की जिम्मेदारी केवल पक्ष की नहीं, प्रतिपक्ष की भी होती है। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि राजस्थान विधानसभा में सर्वदलीय बैठक का आयोजन अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की महत्वपूर्ण पहल है और इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं।
बैठक में सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, प्रतिपक्ष के मुख्य सचेतक रफीक खान, भारत आदिवासी पार्टी के थावरचन्द, बहुजन समाज पार्टी के मनोज कुमार, राष्ट्रीय लोकदल के डॉ. सुभाष गर्ग और विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा भी मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी दलों ने आगामी सत्र को अधिक व्यवस्थित, शांतिपूर्ण और जनहित के मुद्दों पर केंद्रित रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।