Tuesday, 18 August 2026

भाजपा ने विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश, सतीश पूनिया को पंजाब और तरुण चुग को गुजरात को बनाया प्रभारी


भाजपा ने विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश, सतीश पूनिया को पंजाब और तरुण चुग को गुजरात को बनाया प्रभारी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए राज्य प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए। पार्टी ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए तीनों महत्वपूर्ण राज्यों में अनुभवी नेताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है, जबकि गुजरात के नेता जगदीश ईश्वरभाई पटेल को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। वहीं राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग को गुजरात की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्तियां भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा के एक दिन बाद की गई हैं। सोमवार को पार्टी ने 65 राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम घोषित की थी।

विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश की कमान

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। तावड़े इससे पहले हरियाणा और बिहार में संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। नवंबर 2020 में उन्हें हरियाणा का प्रभारी बनाया गया था। इसके बाद सितंबर 2022 में उन्हें बिहार की जिम्मेदारी मिली। वर्ष 2024 में भी वे बिहार भाजपा के प्रभारी रहे।

महाराष्ट्र की राजनीति और भाजपा संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहे तावड़े महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें प्रभारी बनाए जाने को भाजपा की चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

जगदीश पटेल बने यूपी के सह-प्रभारी

गुजरात भाजपा के नेता जगदीश ईश्वरभाई पटेल को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है। पटेल वर्ष 2019 में अमराईवाड़ी विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे और अहमदाबाद शहर भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। अगस्त 2026 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था। अब पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश में सह-प्रभारी के रूप में बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी दी है।

सतीश पूनिया को पंजाब की जिम्मेदारी

राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया गया है। पूनिया इससे पहले हरियाणा में पार्टी संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। 2024 में उन्हें हरियाणा का प्रभारी बनाया गया था। लोकसभा चुनाव के दौरान भी वे हरियाणा में चुनावी जिम्मेदारी संभाल चुके थे।

हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी जीत के दौरान भी पूनिया राज्य के प्रभारी थे। जून 2026 में वे राज्यसभा सांसद चुने गए और इसके बाद उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया। अब पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है।

तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी बनाया

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया है। अमृतसर से आने वाले चुग लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं। वे तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रभारी रह चुके हैं।

नवंबर 2020 में उन्हें तेलंगाना के साथ जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की जिम्मेदारी दी गई थी। 2024 में भी वे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रभारी रहे। अब पार्टी ने उन्हें गुजरात जैसे महत्वपूर्ण राज्य की संगठनात्मक जिम्मेदारी दी है।

2027 में तीनों राज्यों में विधानसभा चुनाव

उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात तीनों राज्यों में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी को देखते हुए भाजपा ने काफी पहले संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं।

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। यहां फिलहाल भाजपा की सरकार है और योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को उत्तर प्रदेश में अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी और समाजवादी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के सामने अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखने की चुनौती होगी।

पंजाब

पंजाब विधानसभा में 117 सीटें हैं। यहां फिलहाल आम आदमी पार्टी की सरकार है और भगवंत मान मुख्यमंत्री हैं।

2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। पंजाब में संगठन को विस्तार देना और चुनावी आधार मजबूत करना भाजपा के लिए बड़ी चुनौती रहेगी।

गुजरात

गुजरात विधानसभा में कुल 182 सीटें हैं। यहां भाजपा की सरकार है और भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 156 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बहुमत हासिल किया था। अब 2027 में पार्टी के सामने इस मजबूत प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती होगी।

चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने पर भाजपा का फोकस

तीनों राज्यों में प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति से स्पष्ट है कि भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं।

नए प्रभारी राज्यों में संगठनात्मक संरचना, बूथ प्रबंधन, स्थानीय नेताओं के बीच समन्वय, चुनावी रणनीति और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर काम करेंगे

Previous
Next

Related Posts