



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में प्रदेशभर में चल रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को जयपुर के सांगानेर क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम ने संस्कार स्वीट कैटर्स, रामपुरा रोड, सांगानेर का निरीक्षण कर करीब 83 किलोग्राम एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह एवं संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा के सुपरवीजन में जयपुर मुख्यालय की सेंट्रल टीम के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने प्रतिष्ठान से घेवर का एक नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिया। नमूने को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में लगभग 83 किलोग्राम एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री पाई गई। इसमें मिल्क केक, पाव ब्रेड, खट्टा पनीर, डोडा बर्फी, टोस्ट और काला नमक शामिल था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इन सभी खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करवाया, ताकि उनका उपयोग या बिक्री नहीं हो सके।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। तैयार खाद्य सामग्री का रखरखाव भी अनहाइजीनिक स्थिति में पाया गया।
विभाग ने कहा कि मौके पर मिली अन्य कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को अलग से इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला ने कहा कि प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।