



ऑपरेशन सिंदूर से लेकर राजस्थानी कला-संस्कृति तक आसमान में अद्भुत प्रदर्शन, 80वें स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर हुआ भव्य आयोजन
बीकानेर। 80वें स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को बीकानेर के राजकीय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सानिध्य में एट होम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य ड्रोन शो रहा, जिसमें करीब 600 ड्रोन ने आसमान में भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की झलक प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ड्रोन शो का अवलोकन किया। शो के दौरान ऑपरेशन सिंदूर सहित भारतीय सेना की शौर्य गाथा को आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया गया। ड्रोन के माध्यम से आसमान में बनाए गए विभिन्न आकृतियों और दृश्यों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
ड्रोन शो में केवल सैन्य पराक्रम ही नहीं, बल्कि राजस्थान की समृद्ध कला और संस्कृति को भी प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया। अलग-अलग आकृतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को दर्शाया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
एट होम कार्यक्रम और ड्रोन शो के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का वातावरण रहा। भारतीय सेना के शौर्य प्रदर्शन और राजस्थानी संस्कृति की झलक ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
