



बेचैनी महसूस होने के बाद गुरुवार को एम्स दिल्ली में भर्ती हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी जारी
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा की तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली स्थित एम्स में उनकी कोरोनरी एंजियोग्राफी की गई है। अस्पताल के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें निगरानी के लिए कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती रखा गया है।
एम्स दिल्ली की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक नड्डा को गुरुवार को बेचैनी महसूस होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने जरूरी जांच के बाद उनकी कोरोनरी एंजियोग्राफी की। अस्पताल ने बताया कि उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को जे.पी. नड्डा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर हिंदी में पोस्ट करते हुए कहा कि उन्हें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के बीमार पड़ने और एम्स में भर्ती होने की जानकारी मिली है। उन्होंने नड्डा के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना की।
कोरोनरी एंजियोग्राफी के बाद नड्डा को कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी में रखा गया है। फिलहाल अस्पताल की ओर से उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है।