



कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित समारोह में लाभार्थियों को प्रतीकात्मक आवंटन, भजनलाल शर्मा ने वंचित वर्गों के आर्थिक-सामाजिक उत्थान पर दिया जोर
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित समारोह में विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु परिवारों को प्रतीकात्मक रूप से आवास और फ्लैट्स के आवंटन पत्र तथा चाबियां सौंपीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है और उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्धता से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को आवास जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना उनके जीवन में स्थायित्व और सम्मान बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु समुदायों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए राज्य सरकार लगातार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।
समारोह के दौरान चयनित परिवारों को प्रतीकात्मक रूप से आवास-फ्लैट्स के आवंटन पत्र और चाबियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं का लाभ पहुंचाना नहीं, बल्कि वंचित वर्गों को सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है।