Thursday, 13 August 2026

बालोतरा एचपीसीएल रिफाइनरी की हाईटेक सुरक्षा में सेंध, 30 किमी दूर पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी


बालोतरा एचपीसीएल रिफाइनरी की हाईटेक सुरक्षा में सेंध, 30 किमी दूर पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

थ्री-लेयर पाइपलाइन ट्रैकिंग सिस्टम, ड्रोन निगरानी और सिक्योरिटी के बावजूद नहीं लगी भनक; गुजरात एटीएस की कार्रवाई में 8 आरोपी गिरफ्तार

बालोतरा। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की रिफाइनरी से जुड़े क्रूड ऑयल पाइपलाइन सिस्टम की हाईटेक सुरक्षा के बावजूद कच्चे तेल की चोरी का मामला सामने आया है। रिफाइनरी से करीब 30 किलोमीटर दूर पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी किए जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कंपनी को चोरी की तत्काल भनक तक नहीं लगी। जबकि पाइपलाइन को थ्री-लेयर हाईटेक ट्रैकिंग सिस्टम से मॉनिटर किया जाता है। बताया जा रहा है कि पाइपलाइन पर हथौड़े या जेसीबी से दबाव पड़ने, लाइन में कंपन होने और क्रूड ऑयल का प्रेशर कम होने जैसी स्थिति में भी कंट्रोल रूम तक अलर्ट पहुंच जाता है।

ड्रोन निगरानी और सिक्योरिटी के बाद भी चोरी

रिफाइनरी से जुड़े पाइपलाइन क्षेत्र की ड्रोन से निगरानी की जाती है और दिन-रात सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद चोरों ने पाइपलाइन तक पहुंचकर क्रूड ऑयल निकाल लिया और सुरक्षा तंत्र को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।इस घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि इतने अत्याधुनिक निगरानी सिस्टम के बावजूद चोरी आखिर कैसे हुई और अलर्ट सिस्टम ने समय रहते काम क्यों नहीं किया।

गुजरात एटीएस की कार्रवाई से खुला मामला

क्रूड ऑयल चोरी का खुलासा राजस्थान की एजेंसियों की बजाय गुजरात में एटीएस की कार्रवाई के बाद हुआ। मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने सभी आरोपियों को 17 अगस्त तक रिमांड पर लिया है और उनसे पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।

बड़े नेटवर्क की आशंका

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि चोरी कितने समय से चल रही थी, पाइपलाइन तक पहुंचने में किन लोगों ने मदद की और चोरी किए गए क्रूड ऑयल को कहां सप्लाई किया गया। मामले में अंदरूनी जानकारी रखने वाले लोगों की भूमिका की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि चोरी किस तरीके से की गई और इसमें कितने लोग शामिल थे।

सुरक्षा व्यवस्था की होगी जांच

इस घटना के बाद पाइपलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम, कंट्रोल रूम अलर्ट, ड्रोन सर्विलांस और मौके पर तैनात सिक्योरिटी व्यवस्था की भी समीक्षा होने की संभावना है। हाईटेक सुरक्षा के बावजूद क्रूड ऑयल चोरी होने से रिफाइनरी और पाइपलाइन सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हुए हैं। आरोपियों से पूछताछ में आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts