



नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के डायरेक्टर राहुल नवीन का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उनके सेवा विस्तार को मंजूरी दे दी है। अब राहुल नवीन 13 अगस्त 2027 तक ईडी के डायरेक्टर के पद पर बने रहेंगे। उनका मौजूदा कार्यकाल 13 अगस्त 2026 को समाप्त होना था।
राहुल नवीन 1993 बैच के इंडियन रेवेन्यू सर्विस अधिकारी हैं और इनकम टैक्स कैडर से आते हैं। वे 14 अगस्त 2024 से प्रवर्तन निदेशालय के प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। ईडी देश की प्रमुख वित्तीय जांच एजेंसी है, जो मनी लॉन्ड्रिंग, विदेशी मुद्रा उल्लंघन और आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों की जांच करती है।
नियुक्ति संबंधी आदेश के अनुसार, राहुल नवीन का कार्यकाल मौजूदा अवधि पूरी होने के बाद एक वर्ष के लिए बढ़ाया गया है। हालांकि उनकी सामान्य सेवानिवृत्ति यानी सुपरऐनुएशन की तारीख 31 जुलाई 2027 है।
इसी कारण आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि 31 जुलाई 2027 के बाद उनका कार्यकाल सेवा विस्तार के रूप में जारी रहेगा और अधिकतम 13 अगस्त 2027 तक वे पद पर बने रह सकेंगे।
राहुल नवीन के कार्यकाल में प्रवर्तन निदेशालय ने कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच की है। इनमें पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म आई-पैक, रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप से जुड़े मामले और ऑनलाइन मनी गेमिंग कंपनियों से संबंधित जांच शामिल हैं।
उनके नेतृत्व में ईडी ने वित्तीय अनियमितताओं, मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध लेन-देन से जुड़े कई मामलों में कार्रवाई की। कई मामलों में तलाशी, संपत्ति अटैचमेंट और पूछताछ जैसी कार्रवाई भी की गई।
59 वर्षीय राहुल नवीन भारतीय राजस्व सेवा के 1993 बैच के अधिकारी हैं। उन्हें वित्तीय जांच, कर प्रशासन और आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों का लंबा अनुभव है। ईडी डायरेक्टर के रूप में नियुक्त होने से पहले भी वे एजेंसी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। कार्यकाल बढ़ने के बाद अब राहुल नवीन आने वाले एक वर्ष तक प्रवर्तन निदेशालय का नेतृत्व जारी रखेंगे।