Thursday, 06 August 2026

‘हर घर तिरंगा’ अभियान को बूथ स्तर तक ले जाएगी भाजपा, 9 अगस्त की तिरंगा यात्रा पर मंथन


‘हर घर तिरंगा’ अभियान को बूथ स्तर तक ले जाएगी भाजपा, 9 अगस्त की तिरंगा यात्रा पर मंथन

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर शहर भाजपा की संगठनात्मक बैठक में मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ संरचना की समीक्षा, अजेय कुमार ने कार्यकर्ताओं से अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर की संगठनात्मक बैठक में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ और 9 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा की तैयारियों पर चर्चा की गई। मालवीय नगर स्थित पाथेय कण भवन में हुई बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की रणनीति पर भी मंथन हुआ।

बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों से संवाद किया। जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने उनका साफा और दुपट्टा भेंट कर अभिनंदन किया।

मंडल और बूथ संरचना की ली जानकारी

अजेय कुमार ने सभी जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों का परिचय प्राप्त किया। उन्होंने प्रत्येक मंडल के शक्ति केंद्रों, वार्डों और बूथों की संगठनात्मक स्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं। प्रत्येक दायित्वधारी को अपने क्षेत्र की संगठनात्मक संरचना, शक्ति केंद्र, वार्ड और बूथ से जुड़ी पूरी जानकारी होनी चाहिए।

‘हर घर तिरंगा’ को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

अजेय कुमार ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने वाला अभियान है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर नागरिकों को सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने को कहा। मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर तिरंगा यात्राओं, जनसंपर्क अभियानों और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

संयोजकों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश

बैठक में विधानसभा और मंडलवार अभियान के क्रियान्वयन, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा हुई।

अभियान से जुड़े संयोजकों और सह-संयोजकों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियां शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए।

9 अगस्त की यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की अपील

भाजपा प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम ने कहा कि 9 अगस्त को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना मजबूत करने का माध्यम है।

विकास और विरासत का मुद्दा उठाया

मिथिलेश गौतम ने वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने अटल टनल, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, आधारभूत संरचना के विस्तार और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प के साथ भारत विश्व मंच पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

‘राष्ट्र प्रथम’ भाजपा की मूल विचारधारा

जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि भाजपा की मूल विचारधारा ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ है।

उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन सर्वोपरि की भावना के साथ काम करना चाहिए।

संगठन के लक्ष्य के लिए समर्पण पर जोर

अमित गोयल ने कहा कि पार्टी का वास्तविक प्रतीक कमल का फूल है और प्रत्येक कार्यकर्ता को परिणाम की चिंता किए बिना निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ संगठन के लक्ष्य के लिए कार्य करना चाहिए।

बैठक में प्रदेश मंत्री अजीत मंडन, एकता अग्रवाल, विधायक गोपाल शर्मा, कालीचरण सराफ, कैलाश शर्मा, रवि नैयर, चंद्रमोहन बटवाड़ा, जिला महामंत्री राजेश तांबी, नवरत्न नाणिया, रेखा राठौड़ और जयपुर शहर सह-प्रभारी राजेंद्र पराना सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी और बूथ स्तर के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Previous
Next

Related Posts