



ब्रिक्स प्रतिनिधियों के सम्मान में रात्रिभोज पीयूष गोयल, जितिन प्रसाद, दीया कुमारी और राज्यवर्धन राठौड़ सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जयपुर आए ब्रिक्स देशों के मंत्रियों और प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रात्रिभोज में भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद का स्वागत किया। उन्होंने ब्रिक्स देशों से आए प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की।
कार्यक्रम के दौरान ब्रिक्स प्रतिनिधियों के समक्ष राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, संगीत और परंपराओं की प्रस्तुति दी गई। विदेशी मेहमानों को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और मेहमाननवाजी से परिचित कराया गया।
रात्रिभोज में राजस्थान के पारंपरिक व्यंजनों को भी शामिल किया गया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ सहित राज्य सरकार के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा ब्रिक्स सदस्य देशों के उद्योग मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
ब्रिक्स देशों के मंत्री और प्रतिनिधि उद्योग, निवेश, व्यापार, नई तकनीक और आर्थिक सहयोग से जुड़े उच्चस्तरीय सम्मेलनों में भाग लेने के लिए जयपुर पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इन बैठकों से सदस्य देशों के बीच आर्थिक और औद्योगिक सहयोग को नई गति मिलेगी तथा राजस्थान को वैश्विक स्तर पर अपनी निवेश और पर्यटन संभावनाएं प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।