



महाराजा सवाई मान सिंह विद्यालय में देशभर के प्रतिभागियों ने समकालीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर रखे तर्क; दो विजेताओं को 11-11 हजार रुपए का पुरस्कार
जयपुर। महाराजा सवाई मान सिंह विद्यालय की ओर से आयोजित दो दिवसीय नेशनल यूथ कॉन्क्लेव ‘पुश द एनवेलप’ का रविवार को रोमांचक फाइनल राउंड के साथ समापन हुआ। कॉन्क्लेव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए युवा डिबेटर्स ने समकालीन राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर अपने विचार रखे।
प्रतिभागियों ने स्पष्ट सोच, प्रभावी वक्तृत्व और तार्किक क्षमता का प्रदर्शन किया। फाइनल राउंड में युवाओं ने विभिन्न विषयों के पक्ष और विपक्ष में तर्क प्रस्तुत करते हुए अपनी वैचारिक तैयारी और बौद्धिक साहस दिखाया।
कॉन्क्लेव के पहले दिन आयोजित 12 सत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इनमें स्वस्ति खंगरोट, अदिति व्यास, कियारा अग्रवाल, अनन्या गुप्ता, लहर चंदानी, प्रगन्य गुप्ता, दीक्षा साहनी, सान्वी रॉय, रिद्धिमा गुप्ता, ओइंद्रीया बनर्जी, हिमालय वर्मा और अन्नमय्या टाक शामिल रहे।
इन प्रतिभागियों ने अलग-अलग सत्रों में समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रस्तुति, तर्कशक्ति और अभिव्यक्ति के जरिए निर्णायकों को प्रभावित किया।
निर्णायक चरण के लिए आठ प्रतिभागियों का चयन किया गया। इनमें कोलकाता की ओइंद्रीया बनर्जी और ग्वालियर की अनम्या टाक को विजेता घोषित किया गया।
दोनों विजेताओं को 11-11 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। पुरस्कार विद्यालय के चेयरमैन विजित सिंह और विक्रमादित्य ने दिए।
विजेताओं का चयन वरिष्ठ पत्रकार शोएब खान, मनीष शर्मा, मीना शर्मा और प्रेरणा सहनी ने निर्णायक मंडल के रूप में किया।
वरिष्ठ पत्रकार संजीव श्रीवास्तव ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने युवा वक्ताओं की निर्भीकता, विषयों की समझ और प्रभावी ढंग से विचार व्यक्त करने की क्षमता की सराहना की।
फाइनल राउंड में प्रतिभागियों ने वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर बहस की। युवाओं ने निर्धारित विषयों पर पक्ष और विपक्ष दोनों दृष्टिकोणों से तर्क रखे।
निर्णायकों ने विषय की समझ, तर्कों की स्पष्टता, प्रस्तुतीकरण, प्रत्युत्तर देने की क्षमता और वक्तृत्व कौशल के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम के अंत में रंजीता माथुर ने अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
विद्यालय की प्राचार्या ज्योति जोशी ने कॉन्क्लेव के सफल आयोजन में योगदान देने वाले निर्णायकों और कार्यक्रम संचालकों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।