


विशेषज्ञों ने तंबाकू सेवन को बताया बड़ी चिंता, मैमोग्राफी, पैप स्मीयर, चेस्ट एक्स-रे और ओरल कैंसर स्क्रीनिंग निशुल्क की गई
झुंझुनूं। महात्मा गांधी अस्पताल जयपुर के श्रीराम कैंसर एवं सुपर स्पेशियलिटी सेंटर और नर सेवा नारायण सेवा संस्थान के सहयोग से आयोजित निशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर में 122 मरीजों की जांच की गई। शिविर में विशेषज्ञों ने बताया कि जांच के लिए पहुंचे मरीजों में तंबाकू सेवन से जुड़े मुंह के कैंसर के मामले अधिक सामने आए।
बाबा गंगाराम अतिथि भवन में आयोजित शिविर में मैमोग्राफी, पैप स्मीयर, चेस्ट एक्स-रे और मुंह के कैंसर की स्क्रीनिंग जैसी जांचें निशुल्क की गईं। आयोजकों के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में इन जांचों पर मरीजों को हजारों रुपए खर्च करने पड़ सकते हैं।
महात्मा गांधी अस्पताल की मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका चौधरी ने बताया कि शिविर में तंबाकू सेवन से जुड़े मुंह के कैंसर के मरीज अधिक मिले। उन्होंने कहा कि कई मरीज उपचार के दौरान या बाद में भी गुटखा और तंबाकू का सेवन जारी रखते हैं।
डॉ. चौधरी के अनुसार ऐसी स्थिति में उपचार का अपेक्षित लाभ प्रभावित हो सकता है और बीमारी दोबारा होने का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने मरीजों से उपचार के साथ तंबाकू का पूरी तरह त्याग करने की अपील की।
विशेषज्ञों ने कहा कि स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की पहचान शुरुआती चरण में हो जाए तो उपचार अधिक प्रभावी हो सकता है। समय पर जांच से बीमारी को बढ़ने से रोकने और इलाज का खर्च कम करने में भी मदद मिल सकती है।
शिविर में अस्पताल की ‘कैंसर संजीवनी’ मोबाइल स्क्रीनिंग यूनिट के माध्यम से महिलाओं की मैमोग्राफी और पैप स्मीयर जांच की गई। फेफड़ों से संबंधित जांच के लिए चेस्ट एक्स-रे और मुंह के कैंसर की पहचान के लिए ओरल स्क्रीनिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
महात्मा गांधी अस्पताल के जनसंपर्क निदेशक वीरेंद्र पारीक ने कहा कि कई लोग मुंह के लंबे समय तक बने रहने वाले छाले, गांठ, सफेद या लाल चकत्ते तथा अन्य शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं।
उन्होंने कहा कि समय पर बायोप्सी और विशेषज्ञ जांच नहीं कराने से बीमारी उन्नत अवस्था में पहुंच सकती है, जिससे उपचार कठिन हो जाता है। उन्होंने लोगों से असामान्य लक्षण दिखाई देने पर शीघ्र कैंसर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की अपील की।
शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने किया। उन्होंने निशुल्क जांच और परामर्श की इस पहल की सराहना की।
शिविर में मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका चौधरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलम और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीवनी ने मरीजों को निशुल्क परामर्श एवं जांच सेवाएं प्रदान कीं।
इसी अवसर पर नर सेवा नारायण सेवा संस्थान ने स्वर्गीय सुलोचना देवी मोदी की स्मृति में मोदी परिवार के सहयोग से निशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर भी आयोजित किया।
नेत्र विशेषज्ञों ने मरीजों की आंखों की जांच की। मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए पात्र पाए गए मरीजों का निशुल्क लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा। चयनित मरीजों के लिए दवाएं, चश्मा, भोजन और रहने की व्यवस्था भी निशुल्क उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में रामचंद्र मोदी, ओमप्रकाश मोदी, संजीव मोदी, अमित जगनानी, मुकेश गुप्ता, हरीश जगनानी, पवन अग्रवाल, विनोद सिंघानिया, दिनेश अग्रवाल, संजय शर्मा, संदीप केडिया, चंद्रमोहन अग्रवाल, प्रमोद जानूं, रूपेश तुलस्यान, श्रीकांत पंसारी, अनूप गाडिया, सुनील गुप्ता, गणेश हलवाई, परमेश्वर हलवाई और डॉ. डी.एन. तुलस्यान सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।