



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी का दुपट्टा पहनाकर किया स्वागत, बोले—किसान हित, विकास और सुशासन के प्रति बढ़ रहा विश्वास
जयपुर। श्रीगंगानगर में भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष संदीप सिंह केरा सहित 31 कार्यकर्ताओं ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर भाजपा परिवार में स्वागत किया।
भाजपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार किसान नेता पृथ्वीपाल सिंह संधु के नेतृत्व में संदीप सिंह केरा और उनके समर्थक पार्टी में शामिल हुए। भाजपा ने दावा किया कि नए सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकास कार्यों और पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर सदस्यता ली है।
इस अवसर पर मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, किसान हित और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों का पार्टी के प्रति बढ़ता विश्वास विकास, सुशासन और पारदर्शी कार्यशैली के समर्थन का प्रमाण है।
राठौड़ ने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं से भाजपा की विचारधारा और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से संगठन को मजबूत करें और किसानों तथा ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान महत्वपूर्ण है और सामूहिक प्रयासों से ही पार्टी की जनाधार बढ़ाने की प्रक्रिया मजबूत होगी।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल विश्नोई, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, प्रदेश मंत्री सीताराम पोसवाल और प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी विजेंद्र पूनिया उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने भाजपा में शामिल हुए नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठनात्मक कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।