Wednesday, 29 July 2026

टोंक में जिला स्तरीय प्रतियोगिता: नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति: डॉ. करतार सिंह मीणा


टोंक में जिला स्तरीय प्रतियोगिता: नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति: डॉ. करतार सिंह मीणा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोंक। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘माई भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत @2047’ अभियान के तहत मंगलवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोहना में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रभावशाली संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, टोंक के उपनिदेशक डॉ. करतार सिंह मीणा ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब देश का युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए।

उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशे से दूर रखने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों और जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।

दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। जिला युवा अधिकारी संतोष चौहान ने अतिथियों, निर्णायक मंडल के सदस्यों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत @2047 की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उपयोग सामाजिक जागरूकता, जनहित और राष्ट्र निर्माण के लिए करना चाहिए।

विभिन्न विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने लोकगीत गायन, नृत्य, माइम एवं नुक्कड़ नाटक, शॉर्ट फिल्म एवं रील, चित्रकला, वाद-विवाद, स्लोगन लेखन और स्लैम पोएट्री जैसी विधाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रत्येक प्रस्तुति में नशे के दुष्परिणामों, स्वस्थ जीवनशैली, पारिवारिक जिम्मेदारी, सामाजिक जागरूकता और विकसित भारत के संकल्प को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

निर्णायक मंडल ने निर्धारित मानकों के आधार पर प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया। प्रत्येक विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में टोंक जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

ये प्रतिभागी रहे प्रथम

लोकगीत गायन में अर्चित एंड ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नृत्य प्रतियोगिता में प्रियंका एंड ग्रुप विजेता रहा। माइम एवं नुक्कड़ नाटक में अंजलि जैन एंड टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।

शॉर्ट फिल्म एवं रील प्रतियोगिता में अदनान खान, चित्रकला में शिवांगी सोनी, वाद-विवाद में रिद्धि मिश्रा, स्लोगन लेखन में कोमल कुमारी प्रजापत और स्लैम पोएट्री में तमन्ना गौतम प्रथम स्थान पर रहीं।

युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प

कार्यक्रम का मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन लेखा एवं कार्यक्रम सहायक रोहिल कट्टा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में माई भारत स्वयंसेवकों, निर्णायक मंडल, शिक्षकों और विभिन्न शिक्षण संस्थानों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने ‘नशामुक्त भारत–विकसित भारत’ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम उत्साह, ऊर्जा और राष्ट्रहित के संदेश के साथ संपन्न हुआ। विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

Previous
Next

Related Posts