Wednesday, 29 July 2026

नशामुक्त भारत के लिए विश्वविद्यालय चलाएं विशेष अभियान, गोद लिए गांवों को बनाएं नशामुक्त: हरिभाऊ बागडे


नशामुक्त भारत के लिए विश्वविद्यालय चलाएं विशेष अभियान, गोद लिए गांवों को बनाएं नशामुक्त:  हरिभाऊ बागडे

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

कुलगुरुओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बोले राज्यपाल हरिभाऊ बागडे—नशे की अधिकता वाले क्षेत्रों की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई करें

जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों को ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के तहत व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने और उनके द्वारा गोद लिए गए गांवों को नशामुक्त बनाने के लिए विशेष पहल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नशे की अधिकता वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां केंद्रित रूप से प्रभावी कार्रवाई की जाए।

राज्यपाल ने बुधवार को लोकभवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव कुलदीप रांका भी उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालयों के आसपास नशीले पदार्थ बेचने वालों की पहचान हो

कुलगुरुओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल बागडे ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसरों और उनके आसपास मादक पदार्थ बेचने वाले लोगों की पहचान की जानी चाहिए। युवाओं को नशे की लत लगाने और नशीले पदार्थों की बिक्री में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस विभाग के सहयोग से विशेष अभियान चलाए जाएं।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित कर ऐसे लोगों की सूचना संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

गोद लिए गांवों में शामिल हो ‘नशामुक्त गांव’ की सोच

राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों द्वारा गांव गोद लेकर किए जाने वाले विकास कार्यों में ‘नशामुक्त गांव’ की अवधारणा को भी शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि गांवों में जाकर प्रतिष्ठित व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं से संवाद करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि गांवों में नशा करने वाले लोगों और नशीले पदार्थ उपलब्ध कराने वालों पर नजर रखी जाए। स्थानीय स्तर पर जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ पुलिस और प्रशासन के सहयोग से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

‘माय भारत पोर्टल’ पर अधिक पंजीकरण को प्रोत्साहित करें

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नशामुक्त भारत के लिए देशवासियों से किए गए आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों को ‘माय भारत पोर्टल’ पर अधिक से अधिक युवाओं और विद्यार्थियों के पंजीकरण को प्रोत्साहित करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि ‘नशामुक्त भारत अभियान’ को ‘माय भारत पोर्टल’ के माध्यम से क्रियान्वित करने के लिए सौ सप्ताह का कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दौरान जन-जागरूकता रैलियां, कार्यशालाएं, संवाद कार्यक्रम और व्यापक प्रचार अभियान आयोजित किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय स्तर पर हों प्रभावी गतिविधियां

राज्यपाल ने सभी विश्वविद्यालयों को नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नियमित और परिणामोन्मुख गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बीच नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना विश्वविद्यालयों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

अतिरिक्त मुख्य सचिव कुलदीप रांका ने बैठक में ‘नशामुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के स्तर पर आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।




Previous
Next

Related Posts