Monday, 27 July 2026

कारगिल विजय शौर्य दिवस पर निकाली बड़ पीपली बालाजी धाम में ‘नारी शक्ति लट्ठ यात्रा’, ‘राष्ट्रीय नारी सेना’ का गठन


कारगिल विजय शौर्य दिवस पर निकाली बड़ पीपली बालाजी धाम में ‘नारी शक्ति लट्ठ यात्रा’, ‘राष्ट्रीय नारी सेना’ का गठन

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। कारगिल विजय शौर्य दिवस के अवसर पर झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित बड़ पीपली बालाजी धाम में महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और नारी सशक्तिकरण के संदेश के साथ भव्य ‘नारी शक्ति लट्ठ यात्रा’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘राष्ट्रीय नारी सेना के गठन की भी घोषणा की गई। आयोजन में हजारों महिलाओं ने एक समान वेशभूषा में उत्साहपूर्वक भाग लेकर नारी शक्ति, अनुशासन और संगठन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

यह यात्रा बड़ पीपली बालाजी धाम से प्रारंभ होकर खिरनी फाटक स्थित गणेश मंदिर तक संपन्न हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर यात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों के बीच मिठाई का वितरण भी किया गया। यात्रा के दौरान धार्मिक आस्था, सामाजिक जागरूकता और महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम देखने को मिला।

यात्रा का नेतृत्व बड़ पीपली बालाजी धाम के महंत प्रमेंद्र नाथ महाराज ने किया। यात्रा में राजस्थान भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष राखी राठौर भी मौजूद रही। इस दौरान महिलाओं ने हाथों में लट्ठ लेकर आत्मरक्षा, महिला सुरक्षा और नारी सम्मान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। महंत प्रमेंद्र नाथ महाराज ने कहा कि यदि महिलाएं धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए कलश यात्रा निकाल सकती हैं, तो धर्म, सम्मान और सुरक्षा के लिए लट्ठ यात्रा भी कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

यात्रा संयोजक सर्वेश्वर शर्मा ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं का सशक्त, सजग और आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। आत्मरक्षा का प्रशिक्षण महिलाओं को विपरीत परिस्थितियों में मानसिक और शारीरिक रूप से स्वयं की सुरक्षा के लिए सक्षम बनाता है।

इस अवसर पर महंत प्रमेंद्र नाथ महाराज ने राष्ट्रीय नारी सेना’ के गठन की घोषणा करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य महिलाओं के बीच जागरूकता, आत्मरक्षा, संगठन और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस संगठन का विस्तार देशभर में करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि नारी सुरक्षा और सशक्तिकरण का यह संदेश व्यापक स्तर तक पहुंच सके।

यात्रा प्रभारी नरेंद्र सिंह चंपावत ने बताया that आयोजन के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और महिला सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बनकर उभरी। बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता ने इस आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

यात्रा आयोजन समिति प्रमुख विक्रम प्रताप सिंह ने बताया कि यात्रा में सबसे आगे आर्मी बैंड शामिल था, जिसने देशभक्ति और शौर्य का वातावरण निर्मित किया। इसके पीछे घोड़ों पर सवार बालिकाएं हाथों में तलवार लिए चल रही थीं। इस दौरान 101 वीरांगना बालिकाओं ने तलवारबाजी एवं लट्ठ संचालन का प्रभावशाली प्रदर्शन कर अपने साहस, कौशल और शौर्य का परिचय दिया।

स्वागत समिति प्रमुख विष्णु शर्मा ने बताया कि यात्रा का विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। प्रतिभागियों के लिए पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान मौसम भी अनुकूल रहा और आयोजन पूर्ण श्रद्धा, उत्साह एवं अनुशासन के साथ संपन्न हुआ।

यात्रा संचालन प्रमुख दिलीप सिंह महरौली, राम सिंह, सुरजीत सिंह, आनंद अग्रवाल, सुरेंद्र खांनडी, चिरायु सोनी और विक्रम सिंह रुडल ने बताया कि यात्रा को सुव्यवस्थित और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए महिलाओं की अलग-अलग टोलियां बनाई गई थीं। इन टोलियों के नाम महारानी लक्ष्मीबाई, अहिल्याबाई होलकर, दुर्गादेवी, मातंगिनी हाजरा, रानी अवंतीबाई लोधी, झलकारी बाई और मैडम भीकाजी कामा जैसी वीरांगनाओं के नाम पर रखे गए। प्रत्येक टोली में लगभग 250 महिलाओं को शामिल किया गया, जिससे पूरी यात्रा एकरूपता, अनुशासन और प्रभावशीलता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

समूचा आयोजन महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, नारी सम्मान और सामाजिक एकजुटता का प्रेरक संदेश देने वाला रहा। कारगिल विजय शौर्य दिवस के अवसर पर आयोजित इस यात्रा ने यह स्पष्ट किया कि नारी केवल श्रद्धा और संस्कार की प्रतीक ही नहीं, बल्कि साहस, आत्मबल और सुरक्षा की सशक्त ध्वजवाहक भी है।

कारगिल विजय शौर्य दिवस पर जयपुर के बड़ पीपली बालाजी धाम में भव्य ‘नारी शक्ति लट्ठ यात्रा
कारगिल विजय शौर्य दिवस पर जयपुर के बड़ पीपली बालाजी धाम में भव्य ‘नारी शक्ति लट्ठ यात्रा
Previous
Next

Related Posts