



जयपुर। भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर कार्यालय में मंगलवार को मासिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों, विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ताओं, महिलाओं और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम और श्रीहनुमानजी की विधिवत आराधना की गई। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया। भजन-कीर्तन और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
भाजपा जयपुर शहर जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि धर्म और समाज राजनीति को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के सशक्त माध्यम हैं। धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजनों से संगठन में एकता, सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक धार्मिक आयोजन लोगों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ सामाजिक समरसता तथा आपसी सहयोग की भावना को भी बढ़ावा देते हैं। ऐसे कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को समाज सेवा और जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।
सामूहिक पाठ और भजन-कीर्तन के बाद महाआरती का आयोजन किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने महाआरती में भाग लेकर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जयपुर शहर के महामंत्री राजेश ताम्बी, रेखा राठौड़, नवरत्न नाराणिया सहित जिला पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ता, महिलाएं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।