Tuesday, 21 July 2026

राहुल गांधी का आचरण पद की गरिमा के अनुरूप नहीं, प्रधानमंत्री आवास मार्च पर नितिन नवीन का हमला


राहुल गांधी का आचरण पद की गरिमा के अनुरूप नहीं, प्रधानमंत्री आवास मार्च पर नितिन नवीन का हमला

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री आवास तक कांग्रेस नेताओं के मार्च को लेकर राहुल गांधी और उनकी टीम पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का व्यवहार उनके पद और जिम्मेदारी की गरिमा के अनुरूप नहीं है। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता फैलाने और संवैधानिक मर्यादाओं को तोड़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनकी टीम ने प्रधानमंत्री आवास तक मार्च के दौरान जानबूझकर अव्यवस्था उत्पन्न करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसी एक राजनीतिक दल के नेता मात्र नहीं हैं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के प्रतिनिधि हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री के आवास की ओर इस प्रकार मार्च करना लोकतांत्रिक विरोध से अधिक राजनीतिक अराजकता का प्रदर्शन है।

उन्होंने कहा कि संसद लोकतांत्रिक चर्चा और संवाद का सर्वोच्च मंच है। सरकार और भाजपा देश से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण मुद्दे पर संसद में चर्चा करने के लिए सदैव तैयार हैं। विपक्ष को अपने मुद्दे सदन में तथ्यों और तर्कों के साथ उठाने चाहिए, न कि सड़कों पर मर्यादा भंग कर राजनीतिक माहौल खराब करने का प्रयास करना चाहिए।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन संवैधानिक पदों, संस्थाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का सम्मान सभी दलों की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा लोकतांत्रिक विरोध का सम्मान करती है, परंतु अराजक राजनीति, अनुशासनहीनता और मर्यादाहीन आचरण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

    Previous
    Next

    Related Posts