



नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने गुरुवार रात देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा Re-NEET UG 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। यह परीक्षा 21 जून को देशभर में दोबारा आयोजित की गई थी। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। टाई-ब्रेकिंग नियमों के आधार पर दोनों की रैंक निर्धारित की गई है।
हरियाणा के पांशुल बंसल ने कोटा में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी की थी। वहीं, राजस्थान के दो विद्यार्थियों ने ऑल इंडिया टॉप-10 में स्थान बनाया है। उपलक्ष्य गोयल ने 714 अंकों के साथ तीसरी और गौरव सिंह ने 712 अंकों के साथ नौवीं रैंक हासिल की। बिहार के आयुष को चौथी रैंक मिली है।
एनटीए के अनुसार, परीक्षा के लिए करीब 22.79 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से लगभग 20 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 11.21 लाख से अधिक विद्यार्थियों को क्वालीफाई घोषित किया गया।
परिणाम जारी होने के बाद अभ्यर्थी एनटीए की आधिकारिक नीट वेबसाइट पर आवेदन संख्या, जन्मतिथि अथवा पासवर्ड और सिक्योरिटी पिन दर्ज कर अपना स्कोर कार्ड देख सकते हैं।
इस वर्ष भी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा। क्वालीफाई करने वाले अभ्यर्थियों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं। यह लगातार बढ़ती महिला भागीदारी और चिकित्सा शिक्षा में छात्राओं की मजबूत उपस्थिति को दर्शाता है।
एनटीए के आंकड़ों के अनुसार, इस बार 19 विद्यार्थियों ने 700 से अधिक अंक हासिल किए। इसके अतिरिक्त 138 अभ्यर्थियों के अंक 690 या उससे अधिक रहे।
जनरल और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए क्वालीफाइंग रेंज 715 से 213 अंक निर्धारित की गई है। ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के लिए यह सीमा 212 से 177 अंक रही।
इन अंकों को प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी निर्धारित पात्रता और रैंक के आधार पर मेडिकल तथा डेंटल कॉलेजों की काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। केवल क्वालीफाई करना प्रवेश की गारंटी नहीं है। कॉलेज का आवंटन रैंक, श्रेणी, सीटों की उपलब्धता और काउंसलिंग विकल्पों के आधार पर होगा।
कॅरियर काउंसलिंग विशेषज्ञ पारिजात मिश्रा के अनुसार, जनरल और ईडब्ल्यूएस श्रेणी की क्वालीफाइंग कटऑफ पिछले वर्ष के 144 अंक से बढ़कर 213 अंक हो गई। इस प्रकार इसमें 69 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई।
इसी तरह ओबीसी, एससी और एसटी श्रेणी की क्वालीफाइंग कटऑफ 113 से बढ़कर 177 अंक हो गई। इस वर्ग में 64 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2025 में कठिन प्रश्नपत्र के कारण सर्वोच्च अंक 686 रहे थे, जबकि इस बार शीर्ष स्कोर 715 तक पहुंचा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस वर्ष परीक्षा में फिजिक्स का प्रदर्शन रैंक निर्धारण में महत्वपूर्ण रहा। केमिस्ट्री और बायोलॉजी में अधिक संख्या में अभ्यर्थियों के अंक करीब रहने के कारण फिजिक्स में बेहतर स्कोर करने वाले विद्यार्थियों को रैंक में बढ़त मिली।
टाई की स्थिति में एनटीए के निर्धारित नियम लागू किए गए। समान कुल अंक होने पर विषयवार प्रदर्शन और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर अभ्यर्थियों की रैंक तय की गई।
NEET-UG 2026 की मूल परीक्षा 3 मई को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद एनटीए ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर 21 जून को दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया था।
री-एग्जाम की अंतिम उत्तर कुंजी 16 जुलाई को जारी की गई और उसी दिन देर रात परिणाम घोषित कर दिया गया। अब सफल विद्यार्थियों की ऑल इंडिया और राज्य कोटा काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू होगी।