Tuesday, 14 July 2026

राजस्थान विधानसभा में आज वर्तमान और पूर्व विधायकों का समागम: लोकसभा अध्यक्ष करेंगे उद्घाटन, उपराष्ट्रपति समापन समारोह के मुख्य अतिथि


राजस्थान विधानसभा में आज वर्तमान और पूर्व विधायकों का समागम: लोकसभा अध्यक्ष करेंगे उद्घाटन, उपराष्ट्रपति समापन समारोह के मुख्य अतिथि

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार को वर्तमान और पूर्व विधायकों का विशेष समागम आयोजित किया जाएगा। यह विधानसभा के अमृत उत्सव का पहला कार्यक्रम होगा। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को अतिथियों की सुविधा, आवास, आवागमन एवं चिकित्सा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुचारु रखने के निर्देश दिए।

विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यक्रम स्थल और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से आने वाले वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। वरिष्ठ और वयोवृद्ध पूर्व विधायकों के प्रवास, परिवहन और चिकित्सा सहायता के लिए अलग से व्यवस्थाएं की गई हैं।

पूर्व विधायकों का जयपुर पहुंचना शुरू

अमृत उत्सव में राजस्थान विधानसभा के वर्तमान और पूर्व विधायक शामिल होंगे। पूर्व विधायकों का मंगलवार से जयपुर पहुंचना शुरू हो गया है। उनके ठहरने की व्यवस्था जयपुर के सर्किट हाउस, डाक बंगला, विधायक आवास गेस्ट हाउस और पंचायतीराज संस्थान के गेस्ट हाउस में की गई है।

राजस्थान से निर्वाचित लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है। विधानसभा प्रशासन की ओर से अतिथियों के स्वागत, आवास और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

लोकसभा अध्यक्ष करेंगे उद्घाटन

समारोह का शुभारंभ बुधवार सुबह 10 बजे होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। वे सुबह 8:15 बजे जयपुर पहुंचेंगे और एयरपोर्ट से लोकभवन जाएंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे विधानसभा पहुंचकर समागम कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।

समापन समारोह शाम 4 बजे आयोजित होगा। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन इसके मुख्य अतिथि होंगे। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समारोह में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के सचिव संदीप शर्मा भी समारोह में उपस्थित रहेंगे।

24 महत्वपूर्ण कानूनों पर होगी चर्चा

समागम के दौरान दोपहर में दो विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें राजस्थान विधानसभा के 75 वर्षों के दौरान पारित महत्वपूर्ण कानूनों पर चर्चा होगी। इन सत्रों में 16 अनुभवी वर्तमान और पूर्व विधायक 24 महत्वपूर्ण कानूनों पर अपने विचार रखेंगे।

चर्चा के दौरान कानून निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, प्रदेश के विकास में उनकी भूमिका और बदलती सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों में उनकी प्रासंगिकता पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

रोशनी से सजाया विधानसभा भवन

अमृत उत्सव को लेकर विधानसभा परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। विधानसभा भवन को विशेष रोशनी से सजाया गया है। शहर के विभिन्न स्थानों पर अतिथियों के स्वागत के लिए होर्डिंग भी लगाए गए हैं।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि राजस्थान विधानसभा में इस प्रकार का कार्यक्रम पहली बार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों का यह समागम संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और विधानसभा की गौरवशाली यात्रा को रेखांकित करेगा।

देश की पहली विधानसभा में अमृत उत्सव का आयोजन

राजस्थान विधानसभा देश की पहली विधानसभा बताई जा रही है, जहां स्थापना के 75वें वर्ष पर अमृत उत्सव के रूप में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अमृत उत्सव के दौरान विधानसभा की लोकतांत्रिक यात्रा, महत्वपूर्ण निर्णयों, कानून निर्माण और जनप्रतिनिधियों के योगदान को विभिन्न आयोजनों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और विधानसभा सचिव भारत भूषण शर्मा अमृत महोत्सव के दौरान की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए, लाइटों की रोशनी में विधानसभा भवन
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और विधानसभा सचिव भारत भूषण शर्मा अमृत महोत्सव के दौरान की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए, लाइटों की रोशनी में विधानसभा भवन
Previous
Next

Related Posts