



मुंबई/हिसार। हरियाणा से पूर्व राज्यसभा सांसद और एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा के पिता नंद किशोर गोयनका का सोमवार को निधन हो गया। उन्होंने मुंबई में 96 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। बताया गया कि वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे।
नंद किशोर गोयनका के निधन की सूचना से परिवार, शुभचिंतकों और सामाजिक-व्यावसायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक की लहर है। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए मुंबई के मरीन ड्राइव स्थित ए रोड, वसंत सागर में रखा गया है।
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह उनका पार्थिव शरीर विशेष विमान से हिसार लाया जाएगा। इसके बाद मोहना मंडी स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, जहां परिजन, परिचित और शुभचिंतक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
नंद किशोर गोयनका का अंतिम संस्कार बुधवार सुबह 11:30 बजे अग्रोहा स्थित गोयनका उद्यान में किया जाएगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर नंद किशोर गोयनका के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
नंद किशोर गोयनका के निधन को परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। उनके अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।