


जयपुर मेट्रो फेज-2 की वर्चुअल आधारशिला भी रखेंगे, राजस्थान को मिलेंगी बड़ी विकास सौगातें
बालोतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान दौरे पर हैं। दोपहर करीब 12 बजे वे बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचे, जहां वे बहुप्रतीक्षित पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम को राजस्थान के औद्योगिक विकास और ऊर्जा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है।
पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वे जयपुर मेट्रो रेल परियोजना फेज-2 की वर्चुअल आधारशिला भी रखेंगे। मेट्रो फेज-2 परियोजना जयपुर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने और शहर के औद्योगिक, आवासीय व प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगी।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पचपदरा में व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा, बैठने की व्यवस्था और आमजन की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों को भी कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जोड़ा जा रहा है।
पचपदरा रिफाइनरी को राजस्थान की औद्योगिक प्रगति का बड़ा आधार माना जा रहा है। इससे प्रदेश में निवेश, रोजगार और पेट्रोकेमिकल आधारित उद्योगों को नई गति मिलने की उम्मीद है। पश्चिमी राजस्थान के विकास में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला रखे जाने से राजधानी जयपुर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूती मिलेगी। यह परियोजना शहर के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ते हुए यातायात दबाव कम करने और यात्रियों को तेज, सुरक्षित व सुगम आवागमन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पचपदरा में आयोजित मुख्य समारोह को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहेंगे।