



राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पश्चिम बंगाल प्रवास के दौरान शुक्रवार को कोलकाता स्थित प्रसिद्ध और प्राचीन कालीघाट मंदिर में माँ काली के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राष्ट्र और प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दर्शन-पूजन के अवसर पर देवनानी ने कहा कि माँ काली की कृपा सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, साहस, सद्बुद्धि और लोककल्याण की भावना का संचार करे। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुखी, समृद्ध और शांतिपूर्ण जीवन की प्रार्थना की।
विधानसभा अध्यक्ष ने कालीघाट मंदिर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि भारत के प्राचीन तीर्थस्थल हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक विरासत के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पवित्र स्थलों के दर्शन से आत्मिक शांति और नई ऊर्जा का अनुभव होता है।
देवनानी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में तीर्थस्थलों का विशेष महत्व है। ये स्थल समाज को आस्था, सेवा, संयम और लोककल्याण के मार्ग पर प्रेरित करते हैं। कालीघाट मंदिर जैसे ऐतिहासिक धार्मिक स्थल देश की सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।